scorecardresearch
 

ईरान पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल बरसाएगा अमेरिका, US  सेंट्रल कमांड ने जारी की चेतावनी

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान में नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है. अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि ईरान की सेना घनी आबादी वाले शहरों से ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च कर रही है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ सकती है. अमेरिका ने लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए कहा कि सैन्य ठिकानों के आसपास रहना जोखिम भरा हो सकता है.

Advertisement
X
यूएस सेंट्रल कमांड ने जारी की ईरानी लोगों के लिए चेतावनी (File Photo: ITG)
यूएस सेंट्रल कमांड ने जारी की ईरानी लोगों के लिए चेतावनी (File Photo: ITG)

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान में नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है. अमेरिका का कहना है कि ईरान की सैन्य गतिविधियों के कारण आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने और घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार ईरान की सेना घनी आबादी वाले नागरिक इलाकों का इस्तेमाल सैन्य अभियानों के लिए कर रही है. आरोप है कि कई शहरों में भीड़भाड़ वाले इलाकों से एकतरफा हमलावर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की जा रही हैं. अमेरिका का कहना है कि ऐसा करने से वहां रहने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है.

यूएस सेंट्रल कमांड ने जारी की चेतावनी

अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान के शहरों जैसे देज़फुल, इस्फहान और शिराज में नागरिक इलाकों के बीच से सैन्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार जब किसी नागरिक इलाके का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है, तो वह स्थान संभावित सैन्य लक्ष्य बन सकता है.

सेंट्रल कमांड ने ईरान के नागरिकों से अपील की है कि वो फिलहाल अपने घरों में रहें और ऐसे स्थानों से दूर रहें जहां सैन्य गतिविधियां हो रही हों. अमेरिका का आरोप है कि ईरान का शासन अपने ही नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है.

Advertisement

ईरान अपने ही नागरिकों की सुरक्षा खतरे में डाल रहा: अमेरिका

सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा कि ईरान का शासन नागरिकों की सुरक्षा की अनदेखी कर रहा है. उनके मुताबिक ईरान खाड़ी क्षेत्र के देशों पर हमले कर रहा है और साथ ही अपने ही नागरिकों को भी खतरे में डाल रहा है.

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि 28 फरवरी के बाद से ईरान ने सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें और हजारों ड्रोन लॉन्च किए हैं. हालांकि हाल के दिनों में इन हमलों की रफ्तार कम हुई है, क्योंकि अमेरिका और उसके सहयोगी देश ईरान की सैन्य क्षमताओं को लगातार कमजोर कर रहे हैं.

अमेरिकी सेना ने यह भी कहा कि वह सैन्य अभियानों के दौरान नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए हर संभव सावधानी बरतती है, लेकिन उन स्थानों के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा की पूरी गारंटी नहीं दी जा सकती जहां सैन्य गतिविधियां चल रही हों.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement