scorecardresearch
 

मेलबर्न पहुंचे पीएम मोदी, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे हैं. यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के जोरदार स्वागत के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊर्जा देने का संकल्प लिया.

Advertisement
X
प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया में भव्य स्वागत किया गया है
प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया में भव्य स्वागत किया गया है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं.  मेलबर्न पहुंचने पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया हूं. यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) को नई ऊर्जा देगी.'

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन (3rd Annual Summit) की सह-अध्यक्षता करेंगे. दोनों नेताओं के बीच रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, कौशल एवं छात्र गतिशीलता (Mobility) तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.

मेलबर्न में होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया. 'मोदी-मोदी' और 'वंदे मातरम्' के नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया. इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.

PM modi

इनमें ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन वाद्य यंत्र डिड्जेरिडू (Didgeridoo) और भारतीय तबले की अनूठी जुगलबंदी भी पेश की गई. वहीं इस मौके पर 10 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की ओर से 'मां तुझे सलाम' की प्रस्तुति दी गई और भारतीय नृत्य परंपरा में शामिल कथक का भी प्रदर्शन किया गया. 

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि डिड्जेरिडू और तबले का संगम दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक है. उन्होंने कलाकार रॉन मरे और सैम इवांस की भी प्रशंसा की. 'मां तुझे सलाम' की प्रस्तुति पर उन्होंने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है.

उन्होंने यह भी कहा कि वंदे मातरम् की वैश्विक लोकप्रियता उस समय और भी खास है, जब इसके 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है. कथक प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य ऑस्ट्रेलिया में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं.

ऑस्ट्रेलिया पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी की. वहां उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ बैठक की और दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. दोनों नेताओं ने योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा किया और संयुक्त संरक्षण परियोजना का उद्घाटन किया. ऑस्ट्रेलिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड जाएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement