सऊदी अरब के दो एयरपोर्ट पर हूती मिसाइल हमले के बाद पाकिस्तान ने खुलकर सऊदी का साथ दिया है. हूती हमलों की निंदा करते हुए PM शहबाज शरीफ ने कहा कि किंग खालिद और आभा एयरपोर्ट हमले में मासूमों की जान गई है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शहबाज शरीफ ने X पर पोस्ट में सऊदी सेना की तारीफ की और कहा कि बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में उनकी सतर्कता काबिले तारीफ है.
पाक PM ने अपने बयान में मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट का भी जिक्र किया.उन्होंने समझौते और उसकी स्ट्रैटेजिक पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमेटी के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि सऊदी की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए वह सदैव तत्पर हैं.
ये पैक्ट 7 अगस्त 2026 को सऊदी, पाकिस्तान और तुर्की के बीच साइन हुआ था. समझौते के तहत, इनमें से किसी एक पर हमला, तीनों पर हमले के बराबर माना जाएगा. इसके बाद सऊदी के दो हवाई अड्डों पर हमले होने के बाद 5 अक्तूबर को रियाद में यह पहली बार सक्रिय किया गया. इसके बाद पाकिस्तान ने सऊदी में सेना बलों की तैनाती कर दी थी. अब हूतियों के ठिकानों पर कार्रवाई के बाद शाहबाज शरीफ ने बड़ा बयान दिया है.
'हमलों से दुनिया भर के मुसलमानों में आक्रोश'
पाकिस्तान ने पहले भी कहा था कि मक्का और मदीना पर हमला रेड लाइन है. UN में 26 सितंबर को शहबाज ने कहा कि मक्का पर ड्रोन हमले की कोशिश से दुनिाभर के मुसलमान गुस्से में हैं. हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई मुसलमान ऐसा घिनौना काम करने की सोच भी नहीं सकता.
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब में कई ब्लास्ट, बंद करना पड़ा किंग खालिद एयरपोर्ट, सामान छोड़ भागे यात्री
हालांकि इस बयान के बाद हूतियों ने दावा किया कि उन्होंने मक्का की तरफ ड्रोन भेजा ही नहीं और ये झूठा आरोप है. आखिर में शहबाज ने कहा कि हूती हमले करना बंद करें, सऊदी को अपने लोगों और शहरों की रक्षा करने का पूरा हक है. समझौते का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वह सऊदी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे.
सऊदी की मदद से यमनी सरकारी सेना ने बाब अल-मंदब स्ट्रेट के पास धुबाब शहर वापस ले लिया है. 100 फाइटर जेट से हूती ठिकानों पर बमबारी हो रही है. जवाब में हूती समूह ने भी रियाद, आभा, राबिग में अरामको रिफाइनरी पर मिसाइलें दागी हैं.