नेपाल से एक दुखद ख़बर सामने आई है. गोरखा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु मनकामना मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे. उन्हें ले जा रही एक माइक्रोबस गोरखा जिले के साहिद लखन ग्रामीण नगरपालिका-3 क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे ढलान में गिर गई.
गोरखा जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस अधीक्षक भरत बहादुर बीके ने बताया कि माइक्रोबस में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं और सभी भारतीय नागरिक बताए गए हैं. इस हादसे में सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए चितवन के भरतपुर स्थित कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में एडमिट कराया गया है.
अस्पताल के डिप्टी डायरेक्टर सुदीप राज केसी के ने बताया है कि दुर्घटना के बाद नौ घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को न्यूरोसर्जरी आईसीयू में और दो को सर्जरी आईसीयू में रखा गया है. माइक्रोबस में चालक और सहचालक को छोड़कर सभी यात्री भारतीय नागरिक थे.
वाहन में मौजूद कर्मचारी संतोष गुरूंग ने बताया कि श्रद्धालु मनकामना मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे थे और चालक ने रास्ते में ब्रेक की खराबी की शिकायत भी की थी. हादसे के बाद नेपाल सशस्त्र पुलिस बल की टीम और गोरखा जिला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जारी है. इस दर्दनाक हादसे ने भारतीय तीर्थयात्रियों के परिवार और स्थानीय लोगों को शोक में डाला है.
7 तीर्थयात्रियों के शव भारत लाने की तैयारी
नेपाल में हुए बस हादसे में मारे गए तमिलनाडु के सात श्रद्धालुओं के शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. तमिलनाडु सरकार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव चेन्नई एयरपोर्ट लाए जाएंगे और फिर उनके गृह नगरों तक पहुंचाए जाएंगे.