जापान के बोनिन द्वीप क्षेत्र में रविवार को जोरदार भूकंप आया है. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई. इस भूकंप के बाद क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है. हालांकि, फिलहाल भूकंप से जान-माल के नुकसान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई.
बोनिन द्वीप जापान के प्रशांत महासागर क्षेत्र में स्थित हैं. इस इलाके में भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं, क्योंकि जापान प्रशांत महासागर के उस क्षेत्र में आता है, जहां कई टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं. इसी वजह से जापान और उसके आसपास के इलाकों में भूकंप आते रहते हैं.
बता दें, बार-बार टकराने से प्लेट के कोने मुड़ते हैं. जब प्रेशर ज्यादा बनने लगता है कि तो प्लेट टूटने लगती हैं. इनके टूटने के कारण अंदर की एनर्जी बाहर आने का रास्ता खोजती है. इस डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है. 4.5 या उससे ज्यादा तीव्रता का भूकंप इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखता है.
भूकंप की तीव्रता को रिक्टर स्केल पर मापा जाता है. 7.0 या उससे ज्यादा तीव्रता वाले भूकंप को आमतौर पर खतरनाक माना जाता है, वहीं, 2.0 या उससे कम तीव्रता वाले भूकंप को माइक्रो भूकंप कहा जाता हैं, जिन्हें कई लोग महसूस भी नहीं कर पाते हैं.
इस बीच, शनिवार को वानुआतू द्वीप में भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.1 मापी गई. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप 24 अक्टूबर को सुबह 8 बजकर 1 मिनट पर आया. वानुआतू, दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित एक द्वीपसमूह देश है.