एक तरफ अमेरिकी सेना ने बड़े पैमाने पर ईरानी सैन्य ठिकानों और नावों पर हवाई हमले किए. अमेरिकी हमलों में मिसाइल लॉन्च साइट्स और उन ईरानी नावों को निशाना बनाया गया. दूसरी तरफ, इजरायल ने लेबनान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को एक बार फिर तेज कर दिया है.
इजरायली एयरफोर्स ने अब हिजबुल्लाह के 70 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए एयरस्ट्राइक की है. इस भीषण बमबारी में लगभग 85 मुनिशन्स का इस्तेमाल किया गया है. इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी है कि टायर इलाके में हिजबुल्लाह के 10 कमांड सेंटरों, हथियारों के गोदामों और बुनियादी ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है.
इजरायली सेना ने दावा किया कि हमले में मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जा रहे हिजबुल्लाह के आतंकवादियों को भी ढेर कर दिया गया है. इस हमले में कई लोगों के मारे जाने की खबर है.
हमलों में 7 की मौत!
इजरायल ने लेबनान की बेका घाटी और कई दूसरे इलाकों में भी हिजबुल्लाह के ठिकानों पर जोरदार हवाई हमले किए हैं. 'अल जजीरा' ने लेबनान की न्यूज एजेंसी NNA के हवाले से बताया है कि इजरायल के इन हालिया हवाई हमलों में 7 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, 'मशघरा' इलाके में हुए एक हवाई हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. वहां हालात इतने खराब हैं कि बचाव दल को निशाना बनाए गए घरों के मलबे के नीचे से बचे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. इसके अलावा, 'कौथारियेह अल-सियाद' में हुए एक हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: ईरान से इजरायल को बचाने के लिए US ने झोंक दी ताकत! मिसाइल स्टॉक हुआ आधा
इजरायल में सुरक्षा सख्त, नए नियम लागू
लेबनान पर इन हमलों के बाद, जवाबी कार्रवाई के डर से इजरायल के होम फ्रंट कमांड ने उत्तरी इजरायल के सीमावर्ती इलाकों पर नई पाबंदियों लागू कर दी है. होम फ्रंट कमांड के मुताबिक, मंगलवार से प्रभावी नियमों के तहत अब खुले स्थानों में होने वाले कार्यक्रमों में सिर्फ 50 लोग और बंद कमरों में सिर्फ 200 लोग ही शामिल हो सकेंगे. इससे पहले, खुले में 200 और बंद कमरों में 600 लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति थी.
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट की मानें तो उत्तरी इजरायल के स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से सभी स्कूल भी बंद कर दिए हैं.