अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इसी बीच अब तेहरान ने जंग रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश अमेरिकी शांति प्रस्ताव पर अगले कुछ दिनों में जवाब देगा. दोनों देशों के बीच बातचीत का सिलसिला अभी खत्म नहीं हुआ है और मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान चल रहा है.
ऐसे में आने वाले दिनों में यह तस्वीर साफ होगी की दोनों देशों के बीच समझौता होता है या फिर तनाव यूं ही बना रहेगा. अराघची के इस बयान से साफ है कि ईरान ने बातचीत का रास्ता बंद नहीं किया है. हालांकि, अमेरिकी प्रस्ताव पर उसका अंतिम रुख क्या होगा और क्या दोनों पक्ष किसी सहमति तक पहुंच पाएंगे, इस पर अभी स्थिति अभी साफ नहीं है.
ईरान के विदेश मंत्री ने बताया कि उनके देश ने अपना प्रस्ताव अमेरिका के सामने रखा था, जिसे 'सेवन-डे प्लान' यानी सात दिन की योजना नाम दिया गया. इसके साथ ही ईरान ने अमेरिकी पक्ष के विचार भी सुने हैं.
सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, अराघची ने कहा कि बातचीत की प्रक्रिया जारी है और मध्यस्थों के जरिए दोनों तरफ से बातचीत की जा रही है. हालांकि अपने बयान में उन्होंने सेवन डे प्लान की योजना की सारी शर्तें या अमेरिकी प्रस्ताव पर ईरान के अंतिम फैसले का खुलासा नहीं किया है. इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि दोनों देश किसी समझौते के करीब पहुंच गए हैं.
यह भी पढ़ें: ईरान जंग में ट्रंप के छूट गए पसीने! अमेरिका के 81 प्लेन-ड्रोन नष्ट और डैमेज
अब आगे क्या होगा?
ईरान के जवाब का इंतजार इसलिए अहम है, क्योंकि अमेरिकी प्रस्ताव पर उसका रुख आगे की बातचीत की दिशा तय कर सकता है. अगर दोनों पक्ष किसी शर्त पर सहमत होते हैं, तो जंग रोकने की कोशिशें और आगे बढ़ सकती हैं. वहीं अगर प्रस्ताव पर असहमती बनी तो शांति की राह मुश्किल हो सकती है.