scorecardresearch
 

हिज्बुल्लाह पर इजरायल ने कर दी बमों की बारिश, इस्लामिक रेजिस्टेंस' ने किया बदले का ऐलान

लेबनान में बढ़ते तनाव के बीच हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इज़रायल के एक सैन्य ठिकाने पर मिसाइल हमला किया है. संगठन के मुताबिक यह कार्रवाई बेरूत और अन्य लेबनानी इलाकों पर इज़रायली हमलों के जवाब में की गई. वहीं इज़रायली वायुसेना ने भी बेरूत के दहियेह इलाके में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं.

Advertisement
X
लेबनान में इजरायल का भीषण हमला (File Photo: Reuters)
लेबनान में इजरायल का भीषण हमला (File Photo: Reuters)

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच हिज्बुल्लाह और इजरायल में टकराव और बढ़ गया है. हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इजरायल के खिलाफ मिसाइल हमला किया है. संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह कार्रवाई लेबनान के कई शहरों और कस्बों, विशेषकर बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर किए गए इजरायली हमलों के जवाब में की गई.

'इस्लामिक रेसिस्टेंस' ने कहा हमें लड़ने का अधिकार

हिज्बुल्लाह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 'इस्लामिक रेजिस्टेंस' के लड़ाकों ने शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर बसालिम इलाके में स्थित ज़राइट बैरक को मिसाइल से निशाना बनाया. संगठन ने कहा कि यह हमला इजरायल की ओर से लेबनान के विभिन्न क्षेत्रों पर किए गए हमलों के जवाब में किया गया है.

हिज्बुल्लाह ने अपने बयान में धार्मिक संदर्भ भी दिया और कहा कि जो लोग अन्याय का सामना कर रहे हैं, उन्हें लड़ने की अनुमति है. संगठन ने दावा किया कि लेबनान के लोगों को उनके घरों से बेदखल किया गया और उन पर हमला किया गया, इसलिए यह कार्रवाई 'प्रतिरोध' का हिस्सा है.

लेबनान में इजरायल ने और तेज किया हमला

दूसरी ओर इजरायल ने भी हिज्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है. इजरायली वायुसेना ने बताया कि उसने बेरूत के दहियेह इलाके में हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए हमले शुरू कर दिए हैं. इजरायल का आरोप है कि हिज्बुल्लाह लेबनान से इजरायली क्षेत्रों पर हमले कर रहा है और इसके जवाब में यह सैन्य कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई मिडिल ईस्ट में बड़े संघर्ष का रूप ले सकती है. बेरूत और दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है.

इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच यह टकराव ऐसे समय हो रहा है जब पूरे मिडिल ईस्ट में पहले से ही तनाव बढ़ा हुआ है. अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे व्यापक संघर्ष का असर अब लेबनान तक फैलता दिखाई दे रहा है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील कर रहा है, लेकिन जमीन पर हालात फिलहाल बेहद नाजुक बने हुए हैं.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement