
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच ब्रिटेन पर तीखा हमला बोला है. ट्रंप ने ब्रिटेन की ओर से मिडिल-ईस्ट में दो एयरक्राफ्ट कैरियर भेजने की खबरों का मजाक उड़ाया है. उन्होंने कहा कि अब उनकी कोई जरूरत नहीं है.
ट्रंप ने ब्रिटिश सरकार की देरी पर तंज कसते हुए कहा कि जब अमेरिका ने जंग जीत ली है, तब मदद की पेशकश का कोई मतलब नहीं है. ये बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की जंग जारी है और तीनों देशों के बीच बमबारी और ड्रोन अटैक का सिलसिला जारी है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर पर तंज कसते हुए लिखा, 'यूनाइटेड किंगडम, हमारा पूर्व महान सहयोगी, शायद उन सब में सबसे महान, आखिरकार मिडिल-ईस्ट में दो एयरक्राफ्ट कैरियर भेजने के बारे में गंभीरता से विचार कर रहा है.'

ब्रिटिश प्रधानमंत्री को ट्रंप ने दी चेतावनी
ट्रंप ने आगे स्टार्मर को चेतावनी दी कि अमेरिका उनके इस रवैये को याद रखेगा. उन्होंने लिखा, 'ये ठीक है, प्रधानमंत्री स्टार्मर, अब हमें उनकी जरूरत नहीं है. लेकिन हम याद रखेंगे. हमें उन लोगों की जरूरत नहीं है जो हमारे पहले से ही जीतने के बाद युद्धों में शामिल होते हैं!'
क्यों स्टार्मर से खफा हैं ट्रंप?
बता दें कि प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और डोनाल्ड ट्रंप के रिश्ते पिछले कुछ समय से तनावपूर्ण चल रहे हैं. जब पिछले शनिवार को ईरान पर हमले शुरू हुए थे, तब शुरुआत में स्टार्मर ने अमेरिकी विमानों को ब्रिटिश बेस का इस्तेमाल करने से रोक दिया था. बाद में स्टार्मर ने कुछ नरमी दिखाई और अमेरिका को इंग्लैंड और हिंद महासागर में स्थित डिएगो गार्सिया बेस का इस्तेमाल करने की अनुमति दी.
हालांकि, ब्रिटेन ने सिर्फ ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों और उनके भंडारण स्थलों पर हमला करने के लिए थी के लिए इसकी इजाजत दी थी.