
सीरिया की राजधानी दमिश्क में उस वक्त दो धमाके हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात कर रहे थे. सीरियाई सरकारी मीडिया के मुताबिक इन धमाकों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं.
मैक्रों उस वक्त राष्ट्रपति भवन के अंदर मुलाकात कर रहे थे जब फोर सीजन्स होटल के पास ये धमाके हुए. मैक्रों इसी होटल में ठहरे हुए हैं. फ्रांसीसी दफ्तर ने साफ किया कि मैक्रों सुरक्षित हैं और अल-शरा के साथ उनकी बैठक जारी रही. सीरियाई अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है.

मैक्रों, अल-शरा के सत्ता में आने के बाद सीरिया दौरा करने वाले पहले बड़े पश्चिमी नेता हैं. यह यात्रा तुर्की के अंकारा में होने वाले नाटो सम्मेलन से पहले हो रही है.
मैक्रों ने ही यूरोप और अमेरिका को सीरिया पर लगे ज्यादातर प्रतिबंध हटाने के लिए राजी किया था. वे सोमवार रात एक व्यापारिक डेलिगेशन के साथ सीरिया पहुंचे थे और अब कई समझौतों पर दस्तखत करने वाले हैं, ताकि युद्ध से तबाह देश में निवेश लाया जा सके.
यह भी पढ़ें: राफेल, न्यूक्लियर से AI तक... मोदी-मैक्रों मीटिंग में इन 13 अहम फैसलों पर लगी मुहर
सरकारी टीवी ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि दोनों धमाके बम से हुए, एक कूड़ेदान में और दूसरा खड़ी गाड़ी में रखा गया था. इनमें कुछ पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हुए, किसी की मौत की खबर नहीं है. मौके की जांच जारी है. धमाके वाली जगह टूरिज्म मंत्रालय और दमिश्क के नेशनल म्यूजियम के करीब है.
सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों में एक वैन और मोटरसाइकिल जलती दिखी, सड़क पर खून के निशान भी नजर आए. अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.