भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पवित्र बौद्ध स्तूप समर्पित किया है. यह स्तूप भारत और भूटान के बीच दोस्ती और संबंधों को मजबूत करने में मोदी के योगदान के सम्मान में समर्पित किया गया है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे भारत के लिए बड़े सम्मान की बात बताया.
108 स्तूपों में से 76वां स्तूप PM मोदी के नाम
दरअसल, यह समारोह भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित किया गया था. इस दौरान 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण और अभिषेक किया गया. इनमें से 76वां स्तूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित किया गया.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी की. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि भारत के लिए यह बहुत सम्मान की बात है. उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि और भारत-भूटान दोस्ती के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के सम्मान में यह पवित्र स्तूप उन्हें समर्पित किया गया है.
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने बताया कि 1 नवंबर को 40 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों, बौद्ध भिक्षुओं और कारीगरों ने मिलकर छह घंटे में 108 स्तूप बनाए. इस काम की शुरुआत आधी रात के बाद हुई थी.
समारोह के दौरान स्तूपों को स्थापित करने और उनका अभिषेक करने के समय पारंपरिक दुंगचेन वाद्ययंत्र भी बजाए गए. यह आयोजन बौद्ध पर्व ल्हाबाब दुचेन के मौके पर हुआ. यह पर्व भगवान बुद्ध के स्वर्ग से धरती पर वापस आने की स्मृति में मनाया जाता है.
'स्तूप सिर्फ स्मारक नहीं, आध्यात्मिक प्रतीक है'
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि किसी व्यक्ति को पवित्र स्तूप समर्पित करना सामान्य बात नहीं है. बौद्ध धर्म में स्तूप केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि बुद्ध के ज्ञान और चेतना का भौतिक प्रतीक माना जाता है. उन्होंने भूटान के राजा का आभार जताया. रिजिजू ने बताया कि समारोह में भूटान के राजा, ग्यालत्सुएन, प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और वहां के लोगों की मौजूदगी में उन्होंने प्रार्थना की और सम्मान व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: 'भारत हमारा सबसे करीबी और भरोसेमंद दोस्त'... UN में भूटान PM ने की तारीफ
रिजिजू ने गेलेफू में भूटान के राजा से मुलाकात भी की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि 108 स्तूपों का निर्माण और 76वें स्तूप का प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया जाना भारत और भूटान के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना संबंधों को दिखाता है.