बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के वरिष्ठ सलाहकार रूहूल कबीर रिजवी ने भारत के साथ संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ 'मैत्रीपूर्ण संबंध' चाहता है. इस दौरान उन्होंने पिछले हफ्ते बॉर्डर पर दो बांग्लादेशी नागरिकों के मारे जाने को लेकर भी चिंता जताई.
शुक्रवार रात त्रिपुरा के सिपाहीजाला में BSF की कार्रवाई में दो संदिग्ध बांग्लादेशी तस्कर मारे गए थे. इसके बाद BSF और 'बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश' (BGB) के अधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिए गए.
रिजवी ने रविवार को डिप्लोमा इंजीनियरों के राष्ट्रीय सम्मेलन में इस घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'कल (शनिवार) भी ब्राह्मणबरिया सीमा पर दो लोगों को गोली मार दी गई.' इसी दौरान उन्होंने बांग्लादेश और भारत के बीच अच्छे संबंधों पर जोर दिया.
'खून से सने बॉर्डर पर दोस्ती मुमकिन नहीं'
प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव कबीर रिजवी ने कहा, 'हम दोस्ती चाहते हैं, लेकिन अगर सीमा बार-बार खून से सनेगी, तो अच्छे संबंध बनाए रखना मुश्किल होगा. उन्होंने ये भी कहा कि भारत की जनता भी सीमा पर इस तरह की घटनाएं नहीं देखना चाहती.
भारतीय चुनावों पर बयान
भारत में हाल ही में हुए 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर भी रिजवी ने टिप्पणी की. उन्होंने इसे भारत का आंतरिक मामला बताया. रिजवी ने कहा, 'ये पूरी तरह से भारत के लोगों का आंतरिक मामला है कि वो किसे चुनते हैं. बीएनपी नेता के इस बयान से साफ है कि बांग्लादेश की नई सरकार भारत के साथ सहयोग बढ़ाना चाहती है, लेकिन सीमा पर हो रही मौतों को लेकर वहां की जनता और प्रशासन में नाराजगी है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश बॉर्डर की तरफ गए चंद्रनाथ रथ के कातिल! चश्मदीद ने खोले राज
रिजवी ने उम्मीद जताई कि दोनों देश मिलकर इन मुद्दों का समाधान निकालेंगे, ताकि सीमा पर शांति बनी रहे और द्विपक्षीय रिश्ते और मजबूत हों.