
अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने फिर कहा है कि आज ईरान पर सबसे बड़ा हमला किया जाएगा. उन्होंने इसके लिए अंग्रेजी के 'लार्जेस्ट स्ट्राइक पैकेज' शब्द का इस्तेमाल किया. ईरान जंग पर अपडेट देते हुए हुए अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ये युद्ध अमेरिका की शर्तों पर खत्म होगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए अडिग है.
पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान जंग में पहले दिन से लेकर आजतक अमेरिका के उद्देश्य बदले नहीं हैं. ईरान में जंग का मकसद टारगेट को खत्म करना है और ये काम प्लान के अनुसार ही चल रहा है.
अपनी ब्रीफिंग की शुरुआत करते हुए हेगसेथ ने कहा कि बुधवार को जब ईरान युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों के पार्थिव शरीर वापस लाए गए, तब वह और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वहां मौजूद थे. उन्होंने आगे कहा कि जंग में हताहत हुए सैनिकों के परिवारों ने प्रशासन से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि "जब तक काम पूरा न हो जाए, तब तक वे न रुकें."
उन्होंने कहा कि नए बैलेस्टिक मिसाइल बनाने की ईरान की क्षमता को संभवत: गंभीर रूप से निशाना बनाया गया है. उन्होंने कहा कि ईरान की सेना IRGC का सीनियर कमांडर बनना एक टेम्परोरी काम बन गया है. यह अमेरिका का व्यंग्य जैसा वाक्य है. इसका मतलब है कि IRGC के टॉप पद अब परमानेंट नहीं रहे. अमेरिकी-इजरायली हमलों की वजह से ये बहुत जल्दी खाली हो जाते हैं. पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान की 11 पनडुब्बियां खत्म हो गई हैं.

अमेरिकी जनता को सीधे संबोधित करते हुए हेगसेथ ने इस आलोचना का खंडन किया कि यह संघर्ष एक लंबी लड़ाई में बदलने का जोखिम रखता है. उन्होंने मीडिया के कुछ हिस्सों में ईरान की स्थिति को "एक अंतहीन खाई" या "कभी न खत्म होने वाली लड़ाई" के रूप में पेश करने का आरोप लगाया और जोर देकर कहा कि "सच्चाई इससे कोसों दूर है."
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ईरान में अमेरिका के लक्ष्य "पहले दिन से" बदले नहीं हैं, और वे "लक्ष्य के अनुरूप और योजना के अनुसार" चल रहे हैं. हेगसेथ के अनुसार इन लक्ष्यों में मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट करना, ईरान के रक्षा-औद्योगिक आधार को खत्म करना, उसकी नौसेना को निष्क्रिय करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार न मिले."
युद्ध मंत्री ने कहा कि अमेरिकी सेना ने अब तक ईरान में 7,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए हैं, और गुरुवार को "अब तक का सबसे बड़ा हमला" देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि हमारी क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं जबकि ईरान की क्षमताएं लगातार कमजोर पड़ रही हैं.
हेगसेथ ने यह भी दावा किया कि संघर्ष शुरू होने के बाद से अमेरिकी सेना पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और एकतरफा ड्रोन हमले 90% तक कम हो गए हैं. उन्होंने आगे कहा कि नई बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने की ईरान की क्षमता को शायद सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचा है.
हमले की डिटेल देते हुए हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका ने कम से कम 120 ईरानी नौसैनिक जहाजों को नुकसान पहुंचाया है या डुबो दिया है.
हेगसेथ ने कहा कि अब पश्चिम एशिया की नई तस्वीर अमेरिकी सुरक्षा परिदृश्य के अनुसार तय होगी.
जंग के लिए अमेरिका ने मांगें 200 अरब डॉलर
अमेरिका ने ईरान के साथ चल रही जंग के लिए 200 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग मांगी है. पेंटागन ने व्हाइट हाउस से कांग्रेस को यह रिक्वेस्ट अप्रूव करने को कहा है. यह राशि युद्ध की बढ़ती लागत, हथियारों की कमी भरने, मुनिशन प्रोडक्शन बढ़ाने और संभावित ज्यादा सैनिकों की तैनाती के लिए है. पिछले तीन हफ्तों में युद्ध के शुरुआती खर्चे अरबों डॉलर में पहुंच चुकी है.