सूडान और मिस्र की सीमा के पास सोने की एक खदान पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 खनिकों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य घायल हुए हैं. यह हमला शनिवार को सूडान, मिस्र और लीबिया की सीमा के मिलन क्षेत्र में हुआ. सूडान में जारी संघर्ष पर नजर रखने वाले सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने रविवार को यह जानकारी दी.
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, हमले में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हवाई हमला किसने किया.
हमले में जीवित बचे अब्देल-अजीज यूसुफ ने मीडिया को बताया कि शनिवार सुबह पहाड़ी इलाके में स्थित एक छोटी सोने की खदान पर अज्ञात विमान ने हमला किया. उनके मुताबिक, कई लोग मारे गए या घायल हुए, जबकि आगे और हमले होने के डर से कुछ लोग वहां से भाग निकले.
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने बताया कि सीमा क्षेत्र में खनन करने वाले लोगों को मिस्र के अधिकारियों की ओर से बार-बार इलाका खाली करने की चेतावनी दी गई थी. बताया जा रहा है कि हमले वाला क्षेत्र मिस्र के अधिकार क्षेत्र में आता है. हालांकि, हमले के जिम्मेदार पक्ष की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: सूडान में एक हफ्ते में दूसरी बार धंसी गोल्ड माइन... 11 मजदूरों की मौत और 30 घायल, कई मलबे में दबे
सूडान के संघर्ष में गोल्ड की अहम भूमिका
सूडान में जारी युद्ध के दौरान गोल्ड का कारोबार संघर्ष की एक महत्वपूर्ण वजह है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) दारफुर और कोर्डोफान क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में गोल्ड बाहर भेजकर अपने अभियान के लिए पैसा जुटाता रहा है.
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के एक पैनल की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, सूडान में खनन किए गए 50 प्रतिशत से अधिक सोने की तस्करी कर उसे देश से बाहर भेजा गया था. सोने के इस अवैध कारोबार ने सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी की चुनौतियां बढ़ाई हैं.
इससे पहले जून में मिस्र के सुरक्षा बलों ने सूडान सीमा के पास सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया था. इनमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे. अधिकारियों ने उन पर अवैध सोना खनन और तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया था. ताजा हवाई हमले के बाद सीमा क्षेत्र में काम करने वाले खनिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. फिलहाल हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष की पहचान नहीं हो सकी है और घायलों की स्थिति पर भी आगे की जानकारी का इंतजार है.