scorecardresearch
 

कोलकाता कांड: दरिंदगी के बाद जिंदा तालाब में फेंका, रोंगटे खड़े कर देगी पीड़िता की ऑटोप्सी रिपोर्ट

बंगाल में के साउथ 24 परगना के बरुईपुर में मासूम बच्ची के साथ न सिर्फ दरिंदगी की गई, बल्कि उसे जिंदा ही तालाब में फेंक दिया गया. शुरुआती ऑटोप्सी रिपोर्ट ने इस खौफनाक मर्डर और सेक्सुअल असॉल्ट का पर्दाफाश किया है. इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में भारी आक्रोश है.

Advertisement
X
बंगाल में बच्ची की ऑटोप्सी रिपोर्ट में सेक्सुअल असॉल्ट और बेरहमी से हत्या की पुष्टि हुई है. (Photo: Representational)
बंगाल में बच्ची की ऑटोप्सी रिपोर्ट में सेक्सुअल असॉल्ट और बेरहमी से हत्या की पुष्टि हुई है. (Photo: Representational)

कोलकाता के बरुईपुर इलाके में 11 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की ऑटोप्सी (पोस्टमॉर्टम) रिपोर्ट ने सबको झकझोर कर रख दिया है. शुरुआती रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि मासूम का न सिर्फ सेक्सुअल असॉल्ट किया गया था, बल्कि उसे जिंदा ही पानी में फेंक दिया गया था. बच्ची का शव कोलकाता से करीब 25 किलोमीटर दूर एक तालाब से बोरे में बंद मिला था. 

इस मामले में पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची शनिवार को लापता हो गई थी. वो साउथ 24 परगना जिले के बरुईपुर में स्थित अपने घर से एक दोस्त के लिए बर्थडे गिफ्ट खरीदने के लिए बाजार गई थी. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो उसके परेशान परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. 

रविवार को पुलिस ने जांच के दौरान तालाब से एक बोरा बरामद किया, जिसमें बच्ची का शव भरा हुआ था. जैसे ही तालाब से बच्ची का शव बरामद हुआ, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीड़ ने लड़की के रेप और मर्डर में शामिल होने के शक में एक स्थानीय आदमी को पकड़ लिया. उग्र भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उस शख्स की पीट-पीटकर हत्या (मॉब लिंचिंग) कर दी. 

Advertisement

इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. एक पुलिस अधिकारी ने पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट का हवाला देते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए. लड़की के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जो सेक्सुअल असॉल्ट की पुष्टि करते हैं. इसके अलावा, मासूम बच्ची के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर खरोंच और दांत से काटने के निशान भी पाए गए हैं.

रिपोर्ट से पता चला है कि लड़की के सिर पर या तो किसी भारी चीज से वार किया गया या फिर किसी सख्त जगह पर बेरहमी से पटका गया था. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब बच्ची को तालाब में फेंका गया, तब वह जिंदा थी. जांच के दौरान डॉक्टरों को उसके फेफड़ों और पेट में पानी भरा हुआ मिला है. सिर पर चोट लगने से बहुत ज्यादा खून बहने के कारण बच्ची की मौत हुई.

पुलिस ने मुख्य आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही इस केस में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या अब तीन हो गई है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "जांच अभी एक बेहद अहम स्टेज पर है. हम सभी सबूतों की बारीकी से जांच कर रहे हैं. शुरुआती पोस्टमॉर्टम नतीजों को जांच के दौरान ग्राउंड से इकट्ठा किए गए दूसरे मटीरियल से मिलाया जा रहा है."

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement