कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है. इस बार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में एक कर्मचारी अस्पताल के भीतर कथित रूप से शराब पीते हुए दिखाई दे रहा है. वायरल वीडियो में एक ग्रुप डी कर्मचारी अस्पताल के इमरजेंसी विभाग जैसे दिख रहे हिस्से में बैठा नजर आ रहा है. उसके सामने टेबल पर खाना और शराब रखी हुई दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
वीडियो में दिख रहे कर्मचारी की पहचान रंजीत गोसाई के रूप में बताई जा रही है. हालांकि रंजीत गोसाई ने इन आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि यह वीडियो पुराना है और जानबूझकर उनकी छवि खराब करने के लिए अब वायरल किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि उनका काम गरीब मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने और उनकी मदद करने से जुड़ा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि वीडियो किसने लीक किया और इसे दोबारा क्यों फैलाया जा रहा है.
कर्मचारी के शराब पीने का वीडियो वायरल
इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रबंधन ने भी प्रतिक्रिया दी है. अस्पताल प्रशासन ने पुष्टि की है कि वीडियो उनके संज्ञान में है और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. साथ ही मामले की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है. अस्पताल प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि वीडियो कब का है, उसमें दिखाई दे रही गतिविधियां किस परिस्थिति में हुईं और अस्पताल के नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं.
अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई की पुष्टि कर जांच तेज की
इस घटना के बाद एक बार फिर आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल सार्वजनिक जांच और आलोचना के दायरे में आ गया है. अस्पताल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की निगरानी और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है.