scorecardresearch
 

कोलकाता हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता का ऐलान

कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में सप्तमी की शाम बारिश और भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया.

Advertisement
X
चोरबागान पंडाल हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी.(Photo-ITG)
चोरबागान पंडाल हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी.(Photo-ITG)

कोलकाता में दुर्गा पूजा के जश्न के बीच सप्तमी की शाम चोरबागान पूजा पंडाल में बड़ा हादसा हो गया. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ और बारिश के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है और करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

हादसे के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पूजा आयोजक भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंच चुके हैं.

इस हादसे पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताया है. उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की.

TMC विधायक कुणाल घोष ने भी घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को मेडिकल कॉलेज ले जाने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि हादसा कैसे और क्यों हुआ, इसकी जानकारी बाद में सामने आएगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता लोगों को बचाना और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराना है.

Advertisement

पीएम मोदी ने जताया दुख

कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

राज्यपाल ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.

अमित शाह ने जताया दुख

 दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है. अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

Advertisement

अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.

पुलिस ने क्या कहा

कोलकाता पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान भारी भीड़ के चलते चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ की घटना हुई. यह घटना 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7.40 बजे गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में हुई. हादसे के बाद घायलों को रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) की टीमें मौके पर भेजी गईं. एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी पहुंची. फिलहाल पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है.

TMC ने सरकार पर साधा निशाना

कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ की घटना को लेकर TMC ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. TMC ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मौके पर न तो पुलिस थी, न सिविक वॉलंटियर्स, न एंबुलेंस और न ही भीड़ को संभालने की व्यवस्था थी.

TMC ने कोलकाता पुलिस और BJP के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार से इन गंभीर चूकों को लेकर जवाब मांगा है. पार्टी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को इतनी लापरवाही से नहीं लिया जा सकता. TMC ने कहा कि जैसे-जैसे मृतकों की संख्या बढ़ रही है, जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या शुभेंदु अधिकारी इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देंगे? TMC ने यह भी कहा कि जिस दिन अमित शाह पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं, उसी दिन राज्य को इस दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा है. पार्टी ने इसे राज्य की शर्मनाक स्थिति बताया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement