पश्चिम बंगाल के नौदा से विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद विवाद को एक बार फिर हवा दे दी है. उन्होंने ऐलान किया है कि 6 दिसंबर 2026 को बेलडांगा में 5 लाख लोग जुटेंगे. उन्होंने चेताया है कि वो नेशनल हाइवे को पूरी तरह जाम कर देंगे.
रविवार को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हुमायूं कबीर ने ऐलान किया कि 6 दिसंबर के दिन ही बेलडांगा में नई मस्जिद की नींव रखी जाएगी. हुमायूं की इस घोषणा के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है.
विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि रेजिनगर से बहरामपुर तक का 30 किलोमीटर लंबा रास्ता उस दिन उनके कंट्रोल में रहेगा. उन्होंने पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा, 'अगर प्रशासन में हिम्मत है तो वो मुझे रोककर दिखाएं.'
87 करोड़ की लागत से बनेगी नई मस्जिद
हुमायूं कबीर ने प्रस्तावित मस्जिद के नक्शे और लागत के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस बाबरी मस्जिद का निर्माण लगभग 87 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा. ये दो मंजिला मस्जिद होगी, जिसके मुख्य भवन में 80 हजार लोग एक साथ नमाज अदा कर सकेंगे. इसके अलावा मस्जिद परिसर में 20 हजार से ज्यादा लोगों के नमाज पढ़ने का इंतजाम रहेगा.
'प्रशासन में हिम्मत है तो वो मुझे रोक लें'
अपने भाषण में हुमायूं कबीर ने कहा, 'बाबरी मस्जिद की स्थापना के दिन मैं नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर दूंगा. अगर प्रशासन में हिम्मत है तो पुलिस प्रशासन मुझे रोककर दिखाए. एक महीने पांच दिन बाद मैं फिर घोषणा कर रहा हूं कि अगर मुर्शिदाबाद प्रशासन में हिम्मत है तो वो मुझे रोक लें. उस दिन 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग का रेजिनगर से बहरामपुर तक का 30 किलोमीटर का हिस्सा मेरे कंट्रोल में रहेगा.'
यह भी पढ़ें: राजनीति से संन्यास लेंगे 'बाबरी मस्जिद' की नींव रखने वाले MLA हुमायूं कबीर, मीडिया के सामने फफककर रो पड़े
उन्होंने आगे कहा, 'पहले भी जब कई रास्तों से मुस्लिम भाई सड़कों पर उतरे थे, तब पुलिस कुछ नहीं कर पाई थी. मेरी अपील है कि 6 दिसंबर 2026 को आप सभी मेरे साथ रहें.'