तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने ऑफिस और आवास के आसपास संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके ऑफिस और घर की रेकी कर रहे हैं. अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मामले की जानकारी दी और तत्काल जांच की मांग की.
अभिषेक बनर्जी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग उनके ऑफिस और आवास की रेकी कर रहे हैं. उन्होंने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी पोस्ट में साझा किया है. अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, जब इन लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया.
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के PA से पूछताछ के बाद TMC दफ्तर पर छापा, एक करोड़ से ज्यादा कैश बरामद
लोकसभा स्पीकर और पुलिस से की जांच की मांग
टीएमसी सांसद ने सवाल उठाया कि राज्य पुलिस कथित तौर पर एक निर्वाचित सांसद के ऑफिस और घर के आसपास जासूसी क्यों कर रही है? उन्होंने पूछा कि इस निगरानी की अनुमति किसने दी और इसके पीछे क्या मकसद है.
अभिषेक बनर्जी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, कोलकाता पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पश्चिम बंगाल पुलिस का ध्यान इस ओर खींचा है. उन्होंने मांग की है कि मामले की तुरंत और पूरी जांच कराई जाए.
अभिषेक ने कहा कि जांच के जरिए इन लोगों की पहचान की जानी चाहिए. साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि उन्हें किसने भेजा था और इस संदिग्ध गतिविधि के पीछे क्या मकसद था. बनर्जी ने इसे एक कथित साजिश बताते हुए इसके पीछे की मंशा का खुलासा करने की मांग की है.
पुलिस कार्रवाई को लेकर पहले भी उठा चुके हैं सवाल
अभिषेक बनर्जी और पुलिस के बीच हाल के दिनों में भी टकराव देखने को मिला है. कुछ दिन पहले सरिशा में टीएमसी कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये बरामद होने के बाद उन्होंने पुलिस पर जांच को प्रभावित करने के लिए फर्जी सबूत रखने का आरोप लगाया था. यह मामला उनके निजी सहायक सुमित रॉय से जुड़ी जांच के दौरान सामने आया था.
यह भी पढ़ें: कुणाल घोष पर हमले से भड़के अभिषेक बनर्जी, BJP पर लगाया डराने-धमकाने का आरोप
इससे पहले जून 2026 में पुलिस ने उनके कालीघाट स्थित आवास पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया था. पुलिस उनके सहायक की तलाश में वहां पहुंची थी. इस कार्रवाई के बाद टीएमसी ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था. फिलहाल अभिषेक बनर्जी ने अपने ताजा आरोपों की जांच कर संदिग्ध लोगों की पहचान और उनके पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने की मांग की है.