पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के कालीघाट इलाके में शुक्रवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह घटना TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के जश्न के दौरान उनके आवास के बाहर हुई. देर रात कई दौर की झड़प के बाद पुलिस ने इस मामले में चार अलग-अलग FIR दर्ज की हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनमें दो मामले पुलिस ने खुद दर्ज किए हैं, जबकि एक शिकायत अभिषेक बनर्जी की ओर से और दूसरी बीजेपी समर्थकों की ओर से दी गई है.
पुलिस की ओर से दर्ज दो स्वत: संज्ञान वाले मामलों में से एक में अभिषेक बनर्जी का नाम भी शामिल बताया जा रहा है. पुलिस ने झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'हम पर बुलडोजर चढ़ा दो', अभिषेक के घर पर हमले का आरोप, BJP पर भड़कीं ममता
चार मामलों में दर्ज हुई FIR
पहला मामला केस नंबर 227/26 है. यह सब-इंस्पेक्टर सौविक दास की लिखित शिकायत पर 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. इसमें BNS की धारा 189(2), 190, 191(2), 121(1) और 132 लगाई गई हैं. मामले की जांच SI पी. बनर्जी कर रहे हैं. अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
दूसरा मामला केस नंबर 228/26 है. यह 32 वर्षीय गुरिया हरि की शिकायत पर अभिषेक बनर्जी और 30 से 40 अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता अलीपुर रोड की रहने वाली हैं. इस केस में BNS की धारा 189(2), 190, 191(2), 115(2), 126(2), 74, 76 और 303(2) लगाई गई हैं. इसकी जांच L/SI एल. भुनिया कर रही हैं. इस मामले में मोहम्मद तौकीर आलम और मोहम्मद इरशाद उर्फ टिपू को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें: बंगाल में फिर गरमाई राजनीति! TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर हुआ भारी बवाल
तीसरा मामला केस नंबर 229/26 है. यह अभिषेक बनर्जी की शिकायत पर 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. इसमें BNS की धारा 189(2), 190, 191(2), 115(2), 352, 351(4) और 79 लगाई गई हैं. इसकी जांच SI एस.के. सिंघा कर रहे हैं. फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
चौथा मामला केस नंबर 230/26 है. यह सब-इंस्पेक्टर एम.पी. डे की शिकायत पर 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. इसमें BNS की धारा 189(2), 191(2), 285, 223, 221 और 132 लगाई गई हैं. मामले की जांच SI एस. भुएमाली कर रहे हैं. इस केस में भी अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.