scorecardresearch
 

गाजियाबाद की प्लास्टिक कंपनी में भीषण आग, एक दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर

गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में नोवा प्लास्ट कंपनी में भीषण आग लग गई. प्लास्टिक का कच्चा माल और अन्य सामग्री होने से आग ने विकराल रूप ले लिया. एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं.

Advertisement
X
प्लास्टिक फैक्ट्री में आग के बाद हड़कंप मच गया. (Photo- ITG)
प्लास्टिक फैक्ट्री में आग के बाद हड़कंप मच गया. (Photo- ITG)

गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नोवा प्लास्ट कंपनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी. इसकी वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. आग की ऊंची लपटों के साथ आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया.

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की भयावहता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाया गया.

दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया. कई दमकल गाड़ियों की मदद से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है.

कंपनी में प्लास्टिक के कच्चे माल और अन्य ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हैं.

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. दमकल विभाग की ओर से आग बुझाने के बाद ही कंपनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा सकेगा. फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement