scorecardresearch
 

रिश्तेदार को फंसाने के लिए अपने घर में लगाई आग, खुद ही जलकर मर गई चंदा

बहराइच में संपत्ति विवाद ने एक चौंकाने वाला मोड़ ले लिया. पुलिस जांच में दावा किया गया है कि रिश्तेदारों को फंसाने की कथित साजिश के तहत घर में आग लगाई गई, लेकिन घटना ने अप्रत्याशित रूप ले लिया और महिला गंभीर रूप से झुलस गई. अब सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
X
आग में जलकर मर गई महिला (Photo: representational image)
आग में जलकर मर गई महिला (Photo: representational image)

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां संपत्ति विवाद की जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे खुलासे किए हैं जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया. पुलिस के अनुसार, शुरुआत में जो मामला रिश्तेदारों पर हमले और साजिश का माना जा रहा था, जांच आगे बढ़ने पर कहानी पूरी तरह बदलती नजर आई.

बुरी तरह झुलसकर चंदा की मौत

घटना बहराइच के नूरुद्दीन चक गांव की है. पुलिस के मुताबिक, 16 मई को उन्हें एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना पर पहुंची टीम ने देखा कि मकान आग की लपटों से घिरा हुआ था. आग बुझाने के बाद घर से गंभीर रूप से झुलसी एक महिला को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान चंदा उर्फ महबूबी के रूप में हुई. पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पति ने रिश्तेदारों पर लगाया आरोप

शुरुआत में महिला के पति की शिकायत पर उसके सौतेले भाई और दो भतीजों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले जिन्होंने शक की दिशा बदल दी. पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, जांच में पता चला कि महिला का अपने सौतेले भाइयों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था.

Advertisement

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस का दावा है कि महिला ने कथित रूप से अपने पति राजीव के साथ मिलकर एक योजना बनाई थी, जिसके तहत घर में आग लगाकर रिश्तेदारों को कानूनी मामले में फंसाने की कोशिश की जानी थी. जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में राजीव एक जरीकैन लेकर घर के आसपास कई बार घूमता दिखाई दिया.

पुलिस पूछताछ में पति ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने चंदा के साथ ही मिलकर घर में आग लगाई थी. हालांकि, घटना के दौरान चंदा खुद ही आग की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई. पुलिस ने इस मामले में महिला के पति राजीव के अलावा उसके भाई शफी अहमद और भतीजे शमी अहमद को भी गिरफ्तार किया है. आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने समय पर पुलिस को सूचना नहीं दी. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement