scorecardresearch
 

250 पहियों वाला 'बाहुबली' ट्रक कहां पहुंचा? ऊंचाई के कारण रास्ते में BSNL के वायर टूटे, इंटरनेट सर्विस बाधित

बेल्जियम से मंगाई गई 164 टन वजनी भारी-भरकम औद्योगिक मशीन को लेकर 41 मीटर लंबा एक विशेष ट्रक सिद्धार्थनगर जिले से सकुशल गुजरा है. इस विशालकाय ट्रक को देखने के लिए सड़क पर भारी संख्या में स्थानीय लोग उमड़ पड़े.

Advertisement
X
सिद्धार्थनगर से आगे बढ़ा 'बाहुबली' ट्रक (Photo- ITG)
सिद्धार्थनगर से आगे बढ़ा 'बाहुबली' ट्रक (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक विशालकाय और 250 पहियों वाला 'बाहुबली' ट्रक गुजरा, जिसमें बायोप्लास्टिक संयंत्र के लिए बेल्जियम से मंगाई गई भारी मशीन लदी हुई थी. बस्ती जिले से डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में प्रवेश कर यह ट्रक लखीमपुर के कुम्भी ले जाया जा रहा है, जहां पाली लैक्टिक एसिड आधारित बायोप्लास्टिक संयंत्र स्थापित किया जाना है. इस मशीन का वजन 164 टन से अधिक और लंबाई 41 मीटर है. धीमी गति के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों की भीड़ जुट गई.   

बीएसएनएल के वायर टूटने से इंटरनेट सेवा बाधित

'बाहुबली' ट्रक की अधिक ऊंचाई के कारण रास्ते में कई जगहों पर दिक्कतें आईं. असनहरा, भानपुर, दुबौली और बेवा चौराहे पर बीएसएनएल की ओवरहेड वायर ट्रक की चपेट में आकर टूट गईं. इसकी वजह से संबंधित क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रही. हालांकि, कुछ जगहों पर तारों को तुरंत जोड़कर इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई, जबकि बेवा चौराहे पर टूटे वायर को ठीक करने का काम जारी रहा.

भड़रिया में किया गया रात्रि विश्राम

विशालकाय ट्रक की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए इसके आगे एक क्रेन चल रही थी, जो रास्ते में आ रही पेड़ों की डालियों को काटकर रास्ता साफ कर रही थी. 

इसके अलावा, ट्रक के दोनों तरफ कर्मचारी लंबे-लंबे बांस लेकर पैदल चल रहे थे, ताकि बिजली के तारों को ऊपर उठाकर ट्रक को सुरक्षित निकाला जा सके. भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया में यह ट्रक रात लगभग 9 बजे पहुंचा. यहां से आगे बलरामपुर जिले की सीमा शुरू होने और रात्रि होने के कारण ट्रक ने भड़रिया में ही रात्रि विश्राम किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement