scorecardresearch
 

गंगा की लहरों पर बीयर पार्टी: वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी पुलिस का एक्शन, एक गिरफ्तार

वाराणसी में गंगा की मर्यादा से खिलवाड़ का एक और मामला सामने आया है. नाव पर डीजे की धुन पर बीयर पार्टी करने वाले नाविकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

Advertisement
X
काशी में गंगा में बोट पर बीयर पार्टी (Photo- Screengrab)
काशी में गंगा में बोट पर बीयर पार्टी (Photo- Screengrab)

वाराणसी में गंगा नदी के बीचों-बीच नाव पर सवार होकर बीयर पार्टी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नाविक समाज की ओर से दशाश्वमेध घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित बड़ी शीतला मंदिर जा रही पारंपरिक शोभायात्रा के दौरान कुछ युवकों ने डीजे बजाकर जमकर शराब का सेवन किया था. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भेलूपुर थाने में नाविकों की शिकायत पर ही मुकदमा दर्ज किया गया था.  वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस अब वीडियो के आधार पर अन्य हुड़दंगियों को चिन्हित कर रही है. गंगा में बिरयानी की हड्डियां फेंकने के विवाद के तुरंत बाद सामने आए इस नए मामले ने तूल पकड़ लिया है, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.

डीजे की धुन और बीयर का दौर

वाराणसी में गंगा की लहरों पर हर साल नाविक समाज की शोभायात्रा निकलती है. इस बार बीती रात जब यह यात्रा मिर्जापुर की ओर बढ़ रही थी, तब कुछ नाविकों ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक हाथ में बियर की केन लेकर डीजे की धुन पर नाच रहे हैं. नाव पर सरेआम नशा करने की इस घटना ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले का संज्ञान लेते हुए एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने जांच के आदेश दिए थे. भेलूपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो के आधार पर एक मुख्य आरोपी को दबोच लिया है. पुलिस का कहना है कि पवित्र गंगा नदी में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अन्य आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Advertisement

बार-बार हो रहा मर्यादा से खिलवाड़

काशी में गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले रोजा इफ्तार के दौरान बिरयानी की हड्डियां गंगा में फेंकने के आरोप में मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी हुई थी. अब नाविकों द्वारा नाव पर शराब पीने के इस मामले ने स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. नाविक समाज के ही कुछ लोगों ने इस कृत्य का विरोध करते हुए पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद वाराणसी पुलिस एक्शन मोड में आई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement