उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां एक निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिर जाने से दो मजदूरों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने बुलडोजर की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला. प्रशासन फिलहाल मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है.
ये हादसा गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित एक गांव में हुआ, जहां कृष्ण गुप्ता नाम के व्यक्ति का मकान बन रहा था. जानकारी के मुताबिक, बेसमेंट में शटरिंग खोलने का काम चल रहा था.
अचानक भरभराकर नीचे गिरा पूरा स्लैब
उस वक्त कानपुर के चकेरी निवासी जयप्रकाश और फतेहपुर निवासी सोहन अपने पिता राम कृपाल और एक व्यक्ति के साथ वहां काम कर रहे थे. काम के दौरान अचानक पूरा स्लैब भरभराकर नीचे गिर पड़ा और चारों मजदूर मलबे के नीचे दब गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत दौड़े और पुलिस को सूचना दी.
दो मजदूरों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम SDRF के साथ मौके पर पहुंची. बुलडोजर की मदद से मलबा हटवाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों मलबे में दबे लोगों को निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जयप्रकाश और सोहन को मृत घोषित कर दिया. वहीं, सोहन के पिता राम कृपाल और एक और मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के हर्ष विहार में भरभराकर गिरी इमारत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अधिकारियों ने लिया जायजा, कार्रवाई के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ सदर विनी सिंह और SDM राजेश कुमार विश्वकर्मा समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया. मामले की जानकारी देते हुए SDM सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया, 'गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज में कृष्ण गुप्ता के निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिर गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.'
उन्होंने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.