scorecardresearch
 

सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आज दिखेगा वायुसेना का दम, राफेल-जगुआर-मिराज और तेजस करेंगे 'टच एंड गो' अभ्यास

यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयरस्ट्रिप आज रणक्षेत्र जैसी नजर आएगी. भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान आपातकालीन स्थितियों के लिए अपनी तैयारियों को परखेंगे. दो दिवसीय इस विशेष रिहर्सल को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और रूट डाइवर्जन लागू कर दिया है.

Advertisement
X
जब एक्सप्रेस-वे से फाइटर जेट ने भरी उड़ान (File Photo)
जब एक्सप्रेस-वे से फाइटर जेट ने भरी उड़ान (File Photo)

Uttar Pradesh News: सुल्तानपुर के अरवल-कीरी करवत स्थित एयरस्ट्रिप पर बुधवार दोपहर दो बजे से वायुसेना का दो दिवसीय विशेष रिहर्सल शुरू हो रहा है. भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान एक्सप्रेस-वे को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने के लिए 'टच एंड गो' का अभ्यास करेंगे. मिराज, राफेल, जगुआर और तेजस जैसे विमान इसमें शामिल होंगे.

स्थानीय प्रशासन और वायुसेना के अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेने के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया है. सेना के हेलीकॉप्टर से अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण किया. यह अभ्यास आपातकालीन लैंडिंग की क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस विशेष अभ्यास में वायुसेना के सुखोई-30 MKI, मिराज-2000 और जगुआर जैसे घातक लड़ाकू विमान अपनी रफ्तार का दम भरते हुए 'टच-एंड-गो' ड्रिल करेंगे. लड़ाकू विमानों के साथ-साथ C-295 और AN-32 जैसे भारी मालवाहक जहाज भी एक्सप्रेस-वे की एयरस्ट्रिप पर लैंडिंग की प्रैक्टिस करेंगे. यह युद्धाभ्यास कठिन परिस्थितियों में सड़क को रनवे बनाने की सेना की तैयारी का हिस्सा है.

वायुसेना अधिकारियों ने लिया जायजा

रिहर्सल को सफल बनाने के लिए वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं. सेना के अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर के जरिए एयरस्ट्रिप पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और वहां तैनात कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के अनुसार, एयरस्ट्रिप की पूरी कमान फिलहाल वायुसेना के पास है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों को निर्धारित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है ताकि अभ्यास में कोई बाधा न आए.

Advertisement

यातायात के लिए रूट डाइवर्जन लागू

इस महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आवाजाही करने वाले लोगों के लिए पहले ही रूट डाइवर्जन कर दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिहर्सल के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. एयरस्ट्रिप के आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पैनी नजर रख रही हैं. स्थानीय लोगों में भी इस अभ्यास को लेकर काफी उत्साह है, क्योंकि उन्हें भारतीय वायुसेना की ताकत और लड़ाकू विमानों के हैरतअंगेज करतबों को करीब से देखने का मौका मिलेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement