scorecardresearch
 

ड‍िग्री है, नॉलेज है, जरूरत है... पर नौकरी नहीं, भारत में डिग्र‍ियों की भरमार, फ‍िर भी 10 में 6 युवा बेरोजगार

जहां एक ओर भारत में शिक्षा का विस्तार तेजी से हो रहा है लेकिन रोजगार अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है. अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की 2026 की स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया रिपोर्ट के अनुसार, आज हर तीन बेरोजगार युवाओं में से करीब दो के पास डिग्री है. वहीं,1983 में यह आंकड़ा केवल आठ में से एक था. 

Advertisement
X
युवाओं के पास डिग्री तो लेकिन नौकरी नहीं.
युवाओं के पास डिग्री तो लेकिन नौकरी नहीं.

लगातार जॉब मार्केट में बदलाव दिख रहे हैं. जहां एक ओर युवा पढ़ाई में आगे बढ़ रहा है, तो वहीं नौकरी को लेकर चिंता अब भी बनी हुई है. अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की 2026 की स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत में 20 से 29 साल की उम्र के ग्रेजुएट युवाओं की संख्या 1983 में करीब 50 लाख थी, जो अब बढ़कर 6.3 करोड़ हो गई है. यानी चार दशकों में ग्रेजुएट युवाओं की संख्या करीब 13 गुना बढ़ी है. लेकिन इसी दौरान बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं की संख्या 7 लाख से बढ़कर 1.1 करोड़ हो गई. यानी बिना नौकरी वाले ग्रेजुएट युवाओं की संख्या करीब 16 गुना बढ़ गई.

युवा ग्रेजुएट्स में बेरोजगारी अब भी बड़ी समस्या

रिपोर्ट के अनुसार, 25 साल से कम उम्र के ग्रेजुएट युवाओं में बेरोजगारी दर 1983 में 35 फीसदी थी, जो 2023 में बढ़कर 39.3 फीसदी हो गई. यानी चार दशकों में इसमें ज्यादा बदलाव नहीं आया, लेकिन ऐसे युवाओं की संख्या बहुत बढ़ गई जो नौकरी का इंतजार कर रहे हैं. वहीं,25 से 29 साल के ग्रेजुएट युवाओं में बेरोजगारी की स्थिति और खराब हुई है. इस आयु वर्ग में बेरोजगारी दर 1983 के 12.2 फीसदी से बढ़कर 2023 में 20 फीसदी हो गई.

डिग्री बढ़ी, लेकिन नौकरी के मौके उतनी तेजी से नहीं बढ़े

रिपोर्ट बताती है कि 2004 से 2023 के बीच भारत में हर साल करीब 50 लाख नए ग्रेजुएट जुड़े. इनमें से करीब 28 लाख लोगों को किसी न किसी तरह का काम मिला, लेकिन केवल 17 लाख लोगों को सैलरी वाली नौकरी मिल पाई. एक साल तक बेरोजगार रहने वाले युवा ग्रेजुएट पुरुषों में से करीब आधे को किसी तरह का काम मिल जाता है, लेकिन केवल 7 फीसदी को स्थायी सैलरी वाली नौकरी और सिर्फ 3.7 फीसदी को व्हाइट कॉलर जॉब मिलती है.

Advertisement

.

राज्यों के हिसाब से रोजगार की स्थिति अलग-अलग

ग्रेजुएट युवाओं के लिए नौकरी के अवसर राज्यों के हिसाब से काफी अलग हैं..

30 साल से कम उम्र के ग्रेजुएट पुरुषों में बेरोजगारी दर:

दिल्ली में 8.8 फीसदी
ओडिशा में 40.3 फीसदी

वहीं ग्रेजुएट महिलाओं में बेरोजगारी दर:

जम्मू-कश्मीर में 73.5 फीसदी
तेलंगाना में 52.3 फीसदी
आंध्र प्रदेश में 51.6 फीसदी

देशभर में ग्रेजुएट पुरुषों की बेरोजगारी दर 25.1 फीसदी और महिलाओं की 36.6 फीसदी है.

महिलाओं की भागीदारी में बड़ी चुनौती

रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर राज्यों में ग्रेजुएट महिलाओं की बेरोजगारी पुरुषों से ज्यादा है. हालांकि, महाराष्ट्र, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में ग्रेजुएट महिलाओं की बेरोजगारी दर पुरुषों से कम है.

.

डिग्री अब भी फायदेमंद, लेकिन नौकरी मिलने में लग रहा ज्यादा समय

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि डिग्री की अहमियत खत्म नहीं हुई है. ग्रेजुएट युवाओं की कमाई गैर-ग्रेजुएट लोगों से ज्यादा रहती है. नौकरी की शुरुआत में भी ग्रेजुएट युवाओं की सैलरी आमतौर पर गैर-ग्रेजुएट युवाओं से करीब दोगुनी होती है. हालांकि, 2017 के बाद से ग्रेजुएट युवाओं की कमाई में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है यानी डिग्री का फायदा मिलता है, लेकिन अब नौकरी पाने में ज्यादा समय लग रहा है और शुरुआती नौकरी की गुणवत्ता भी पहले जैसी नहीं रही. 

Advertisement

कोचिंग पर बढ़ रहा परिवारों का खर्च

रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में माध्यमिक स्तर के 37.8 फीसदी छात्रों ने निजी कोचिंग ली. उच्च माध्यमिक स्तर पर यह आंकड़ा 37 फीसदी रहा. 

उच्च माध्यमिक छात्रों की पढ़ाई पर परिवार औसतन:

स्कूल पर करीब 20,130 रुपये
कोचिंग पर करीब 6,380 रुपये

खर्च कर रहे हैं.

सरकार के लिए बड़ी चुनौती

साथ ही भारत हर साल बड़ी संख्या में ग्रेजुएट तैयार कर रहा है, लेकिन उनके लिए पर्याप्त सैलरी वाली नौकरियां नहीं बन पा रही हैं. पिछले दो दशकों में हर साल करीब 33 लाख ग्रेजुएट ऐसे रहे, जिनके लिए पर्याप्त सैलरी वाली नौकरियां उपलब्ध नहीं थीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए शिक्षा, स्किल और क्षमता विकास पर जोर दिया है ताकि जनसांख्यिकीय लाभ को विकास के लाभ में बदला जा सके. भारत ने बड़ी संख्या में ग्रेजुएट तैयार करने का लक्ष्य तो हासिल कर लिया है, लेकिन अब सबसे बड़ी चुनौती उनके लिए बेहतर और पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा करना है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement