scorecardresearch
 

लखनऊ: बेटे ने मां के प्रेमी को ईंट से कूचकर मार डाला, आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद उठाया खौफनाक कदम

लखनऊ के बिजनौर में बेटे अनिल यादव ने मां के प्रेमी सूरज की बेरहमी से हत्या कर दी. 'आपत्तिजनक स्थिति' में देखने के बाद अनिल ने सूरज को शराब पिलाकर बाग में सिर कूचकर मार डाला. पुलिस ने सीसीटीवी और लूटे गए आईफोन की मदद से आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया.

Advertisement
X
लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में 'कातिल' बेटा (Photo- ITG)
लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में 'कातिल' बेटा (Photo- ITG)

लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. यहां एक बेटे ने अपनी ही मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. मुख्य आरोपी अनिल यादव ने अपने नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए शातिराना चालें भी चलीं.

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक सूरज और आरोपी अनिल यादव की मां के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे. करीब दो महीने पहले आरोपी बेटे ने अपनी मां और सूरज को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. आरोपी बेटे अनिल ने सूरज को कई बार घर आने से मना किया और चेतावनी दी, लेकिन सूरज नहीं माना. इसी जिद ने उसकी जान ले ली. 

8 मई की रात को आरोपी ने सूरज को रास्ते से हटाने का फुलप्रूफ प्लान बनाया. आरोपियों ने सूरज को फोन कर शराब पीने के लिए बुलाया और उसे गांव के बाहर एक सुनसान आम के बाग में ले जाया गया. जब सूरज नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उसके चेहरे पर हमला कर दिया. सूरज ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने ईंट व चापड़ से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी.

Advertisement

कत्ल के बाद पुलिस को चकमा 

एसीपी कृष्ण नगर रजनीश वर्मा के मुताबिक, आरोपी ने कत्ल के तुरंत बाद उन्होंने अपने खून से सने कपड़े धोए और एक शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को शक न हो. वारदात के अगले दिन जब पुलिस मौके पर छानबीन कर रही थी, तब भी मुख्य आरोपी वहीं मौजूद था और पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रख रहा था. 

पुलिस ने इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आरोपियों ने सूरज का आईफोन लूट लिया था, जिसे ट्रैक करते हुए पुलिस कातिलों तक पहुंच गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी (9वीं का छात्र) को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement