scorecardresearch
 

सास को काबू में करने के लिए चाय में क्या मिलाती थी बहू? पत्नी बोली-VIDEO तो पति ने ही भेजे थे

कानपुर के चर्चित चाय विवाद में नया मोड़ आ गया है. पति द्वारा स्लो पॉइजन और केमिकल मिलाने के आरोपों के बीच पत्नी ज्योति गुप्ता सामने आई हैं. उन्होंने दावा किया कि चाय में केवल लौंग और हल्दी मिलाई जाती थी और ऐसा भी पति के कहने पर किया गया. पत्नी का आरोप है कि पति दूसरी महिला से शादी करना चाहता है, इसलिए डेढ़ साल पुराने वीडियो अब वायरल किए जा रहे हैं.

Advertisement
X
पति के सभी आरोपों पर पत्नी ने खुलकर जवाब दिया है (Photo: ITG)
पति के सभी आरोपों पर पत्नी ने खुलकर जवाब दिया है (Photo: ITG)

चाय में केमिकल मिलाकर पति और सास-ससुर को धीरे-धीरे जहर देने के आरोपों से घिरी सरकारी अस्पताल की लैब टेक्नीशियन ज्योति गुप्ता पहली बार खुलकर सामने आई हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पुलिस जांच के बीच उन्होंने पूरे मामले को नया मोड़ देते हुए दावा किया कि उन्होंने चाय में कोई जहरीला केमिकल नहीं मिलाया था. उनके मुताबिक चाय में केवल हल्दी और लौंग डाली जाती थी और ऐसा भी पति हिमांशु गुप्ता के कहने पर किया गया, जिसने खुद अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 'सास को बस में करने के उपाय' वाले वीडियो उन्हें भेजे थे.

ज्योति का आरोप है कि पति अब उन्हीं वीडियो का सहारा लेकर उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है, जबकि यह पूरा घटनाक्रम करीब डेढ़ साल पुराना है. उनका कहना है कि यदि वीडियो इतने महत्वपूर्ण थे तो पति ने पुलिस जांच या तलाक के मुकदमे के दौरान इन्हें क्यों नहीं दिया और अब अचानक वायरल क्यों किया.

'दूसरी लड़की से शादी करना चाहता है पति'

ज्योति ने दावा किया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति ने उन्हें बताया था कि उसका बेंगलुरु में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध है और पहले उसी से शादी होने वाली थी. उनका आरोप है कि सास भी उसी लड़की को बहू बनाना चाहती थीं. इसी वजह से उन्हें रास्ते से हटाने की कोशिश की जा रही है. पत्नी का कहना है कि पति ने ही उन्हें सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भेजे, जिनमें दावा किया गया था कि लौंग और हल्दी मिलाकर सास को अपने वश में किया जा सकता है. पति के कहने पर उन्होंने वैसा किया, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उसी समय रसोई में छिपे कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा है.

Advertisement

केमिकल नहीं, केवल हल्दी और लौंग थी

ज्योति ने कहा कि पति लगातार यह प्रचार कर रहा है कि चाय में कोई केमिकल या स्लो पॉइजन मिलाया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि चाय में केवल हल्दी और लौंग डाली गई थी. उन्होंने कहा कि यदि किसी को शक है तो पुलिस वैज्ञानिक जांच करा सकती है. उन्हें जांच पर पूरा भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि यही बात उन्होंने पहले भी पुलिस को बताई थी, लेकिन अब वीडियो को अलग तरीके से पेश किया जा रहा है.

चार्जशीट के बाद वायरल हुए वीडियो

पत्नी का आरोप है कि उन्होंने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घरेलू हिंसा समेत कई मामलों में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे. उनका दावा है कि इन मामलों में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. अब जब कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ रही है तो दबाव बनाने के लिए डेढ़ साल पुराने वीडियो सार्वजनिक किए जा रहे हैं. ज्योति का कहना है कि यदि पति सच बोल रहा होता तो सबसे पहले यही वीडियो पुलिस को देता. तलाक के मुकदमे में भी इनका इस्तेमाल किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.

'75 लाख की शादी, फिर शुरू हुई पैसों की मांग'

Advertisement

पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पिता प्रॉपर्टी का काम करते थे और शादी पर करीब 75 लाख रुपये खर्च किए गए थे. शादी के बाद पति और उसके परिवार ने बड़े निवेश और पैसों की मांग शुरू कर दी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी सरकारी नौकरी की सैलरी भी पति अपने पास रखता था. उनका कहना है कि पति खुद को पुणे में नौकरी करने वाला चार्टर्ड अकाउंटेंट बताता है, जबकि शादी के बाद वह वहां काम करने नहीं गया. ज्योति के भाई शुभम ने भी पति के आरोपों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनके परिवार पर 70 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि शादी में पहले ही भारी खर्च किया गया था और बहन को करीब 10 लाख रुपये के जेवर दिए गए थे. उनके मुताबिक इन सभी बातों के दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर पुलिस के सामने पेश किया जाएगा.

क्या है पूरा मामला 

इससे पहले हिमांशु गुप्ता ने रावतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उन्हें और उनके माता-पिता को चाय में रासायनिक पदार्थ मिलाकर स्लो पॉइजन देने की कोशिश करती थी. उनका दावा था कि शक होने पर उन्होंने घर में हिडन कैमरे लगाए, जिनमें पत्नी चाय में कुछ मिलाती हुई दिखाई दी. उन्होंने यह भी कहा कि तीनों की मेडिकल जांच में एक जैसे लक्षण सामने आए, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई. पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. संबंधित पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement