scorecardresearch
 

'घर सील हुआ तो बेटी अंदर ही रह गई', प्रयागराज की घटना पर अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो; परिवार ने बताई पूरी कहानी

Akhilesh Yadav Prayagraj Sealing Video: प्रयागराज में PDA की सीलिंग कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि घर के अंदर मौजूद युवती को भी सील कर दिया गया. परिवार ने क्या बताया और PDA का इस पर क्या कहना है, जानिए पूरी कहानी...

Advertisement
X
 प्रयागराज में घर के अंदर दिखी लड़की, सामने आई परिवार की आपबीती.(Photo:Screengrab)
प्रयागराज में घर के अंदर दिखी लड़की, सामने आई परिवार की आपबीती.(Photo:Screengrab)

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने बुधवार को सिविल लाइन्स स्थित पत्रिका मार्ग की एक गली में नजूल भूमि पर चल रहे अवैध निर्माण को सील कर दिया था. आमतौर पर PDA इस तरह की कार्रवाई रोजाना करता है, लेकिन यह मामला तब सुर्खियों में आ गया जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर कार्रवाई का एक वीडियो पोस्ट किया.

वीडियो के साथ दावा किया गया कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई के दौरान घर के अंदर मौजूद एक युवती को भी उसी मकान में बंद कर दिया. अखिलेश यादव के 'X' हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में सील किए गए घर के अंदर एक लड़की दिखाई दे रही है.

मामले की सच्चाई जानने के लिए aajtak की टीम मौके पर पहुंची, जहां हमारी मुलाकात लड़की के माता-पिता संजय कुमार शेखर और अलका शेखर से हुई. उन्होंने बताया कि जिस समय PDA की टीम कार्रवाई करने पहुंची, उस वक्त उनकी बेटी घर में अकेली थी. संजय कुमार शेखर झांसी में तैनात हैं और उस समय वहीं मौजूद थे, जबकि अलका शेखर अपने बेटे को परीक्षा दिलाने गई थीं.

उन्होंने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी बेटी घर के अंदर बंद है, तो वे हैरान रह गए. इसके बाद उन्होंने पास में रहने वाले अपने भाई से मदद मांगी. भाई ने टीन की बैरिकेडिंग हटाई, जिसके बाद वे घर के अंदर पहुंचकर अपनी बेटी तक पहुंच सके.

Advertisement

इस मामले में अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, "ये हैं असंवेदनशील भाजपा सरकार के गैरज़िम्मेदार और अमानवीय प्रयागराज विकास प्राधिकरण का हृदयहीन कारनामा जिसमें प्रयागराज के सिविल लाइंस में PDA समाज की एक महिला का घर और उस घर के अंदर उसकी बेटी को भी सील कर दिया. ये सब उस समय हुआ जब महिला अपने दूसरे बच्चे को परीक्षा दिलवाने बाहर गई हुई थी. भाजपा नारी वंदना का यही है असली सच. दोषियों का निलंबन हो और सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी.

घोर निंदनीय!

कोई है ?

इस मामले में अब पीड़ित परिवार उन्हें घर में जाने देने की अनुमति देने की मांग PDA अधिकारियों से कर रहा है. देखें एक VIDEO:- 

PDA के अधिकारियों के मुताबिक, यह निर्माण संजय कुमार शेखर और उनकी पत्नी अलका शेखर द्वारा किया जा रहा था और उस पर लेआउट स्वीकृत नहीं था.

PDA के जोन-1 के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने बताया कि नजूल भूमि को फ्री होल्ड नहीं कराया गया था और नियमों के विरुद्ध निर्माण जारी रहने पर नोटिस के बावजूद विधिक प्रक्रिया अपनाकर सीलिंग की गई.

PDA के अधिकारियों ने अखिलेश यादव के आरोपों का खंडन किया और कहा कि सीलिंग के दौरान किसी भी महिला को घर के अंदर बंद नहीं किया गया. उन्होंने बताया कि कार्रवाई नियमों के अनुरूप और नोटिस के बाद की गई थी. मौके पर मौजूद टीम ने भी निरीक्षण कर बताया कि कार्रवाई अवैध निर्माण पर ही केंद्रित थी.

Advertisement

मामला आगे बढ़ने पर प्रशासन ने दोनों पक्षों के बयान लेने और रिपोर्ट तैयार करने की बात कही है. स्थानीय लोग और राजनीतिक दल इस मामले पर बयान जारी करते रहे और  हालात पर निगरानी बरती जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement