scorecardresearch
 

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, कहा- एसी वाली राजनीति छोड़ गांव की पगडंडियां नापिए

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए तंज भरी सलाह दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि अखिलेश आलसी और आरामतलब जिंदगी छोड़कर एसी-पीसी वाली राजनीति से बाहर निकलें. राजभर ने कहा कि अखिलेश को गांव-देहात में जाकर गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों और समाज के हर वर्ग के बीच जाना चाहिए और उनके सुख-दुख में शामिल होना चाहिए.

Advertisement
X
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक लंबा संदेश साझा किया (Photo: ITG)
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक लंबा संदेश साझा किया (Photo: ITG)

सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रमुख और राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए तंज भरी सलाह दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखकर कहा कि अखिलेश यादव को अब आलसी जिंदगी छोड़कर गांव-गांव घूमना चाहिए.

अखिलेश यादव का आज जन्मदिन है. इस मौके पर ओम प्रकाश राजभर ने उन्हें बधाई दी लेकिन अपने अंदाज में तंज भी कसा. राजभर ने एक्स पर लिखा कि अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

इसके बाद राजभर ने कहा कि वे सोच रहे थे कि अखिलेश यादव को उपहार में क्या दें. उन्होंने कहा कि अखिलेश बड़े घर के बेटे हैं, उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री रह चुके हैं और वे खुद भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं. ऐसे में वे उन्हें भला क्या उपहार दे सकते हैं.

राजभर ने कहा कि उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते वे अखिलेश को एक कीमती सलाह दे सकते हैं और यही सलाह उनके लिए जन्मदिन का तोहफा है. 

उन्होंने सलाह दी कि अखिलेश यादव को अपनी आरामतलब जिंदगी से जल्द बाहर निकलना चाहिए. राजभर ने कहा कि एसी और पीसी वाली राजनीति जितनी जल्दी छूटे उतना अच्छा रहेगा.

Advertisement

इसके बाद राजभर ने कहा कि अखिलेश को गांव-देहात में जाकर घूमना चाहिए. उन्होंने कहा कि गैर-यादव पिछड़े वर्ग, गरीब, दलित और समाज के हर तबके के बीच जाकर उनके सुख-दुख में शामिल होना चाहिए. 

यह भी पढ़ें: 'प्रुभ श्रीराम से आपके लिए...', CM योगी ने अखिलेश यादव को दी जन्मदिन की बधाई

राजभर ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश को समझने की कोशिश करनी चाहिए न कि केवल एसी में बैठकर ट्विटर पर खेत-किसान के वीडियो देखते रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि खेत में जाकर खुद किसानी को समझना चाहिए.

राजभर ने आगे लिखा कि शुरुआत में गांव की पगडंडियों पर चलते हुए पैर मुड़ सकता है, कांटा चुभ सकता है और धूप में पसीना भी छूट सकता है. लेकिन अगर लगातार कोशिश की जाए तो गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता समझ आ जाएगा.

राजभर ने कहा कि जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए मेहनत करनी पड़ती है. उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि वे 48 डिग्री तापमान में भी गांव-गांव घूमते हैं. आखिर में राजभर ने कहा कि ईश्वर अखिलेश को सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा दें और एक बार फिर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement