उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत सामने आया है. जिसने रिश्तों में विश्वास, भावनाओं और जिम्मेदारी पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मुंबई की रहने वाली 35 वर्षीय तलाकशुदा नर्स सना, जिसने अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने का सपना देखा था, उसी प्रेमी ने उसे मौत के घाट उतार दिया. शादी की उम्मीद लेकर सैकड़ों किलोमीटर दूर बिजनौर पहुंची सना को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस व्यक्ति पर उसने सबसे ज्यादा भरोसा किया, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा धोखेबाज साबित होगा.
मामला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार सैफपुर खादर गांव निवासी फैसल अंसारी उर्फ शमी उर्फ समीर मुंबई में एक सैलून पर काम करता था. वहीं उसकी मुलाकात मुंबई के ओशीवारा क्षेत्र की रहने वाली नर्स सना से हुई. मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए.
शादी का दबाव बनाने के लिए पहुंची थी महिला
बताया जा रहा है कि सना अपने रिश्ते को लेकर बेहद गंभीर थी. उसने फैसल के साथ भविष्य की उम्मीद में अपने पति से तलाक तक ले लिया था. उसे विश्वास था कि तलाक के बाद वह फैसल के साथ नई जिंदगी शुरू करेगी. लेकिन समय के साथ फैसल के इरादे बदलने लगे. वह शादी से पीछे हटने लगा, जबकि सना अपने फैसले पर अडिग थी और रिश्ते को सामाजिक पहचान दिलाना चाहती थी.
ईद के अवसर पर फैसल मुंबई से अपने गांव बिजनौर आया हुआ था. इसी दौरान 29 मई को सना भी उससे मिलने और शादी की बात को अंतिम रूप देने के लिए बिजनौर पहुंच गई. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक सना ने यहां पहुंचकर फैसल पर साथ रहने और शादी करने का दबाव बनाया. यही बात फैसल को नागवार गुजरी.
आरोप है कि फैसल सना को अपनी बाइक पर बैठाकर मंडावर थाना क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद के जंगल की ओर ले गया. वहां गन्ने के खेत में उसने सना का गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में दबा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद वह सामान्य तरीके से वापस मुंबई लौट गया और अपनी दिनचर्या में लग गया.
उधर, जब सना का परिवार उससे संपर्क नहीं कर पाया तो चिंता बढ़ने लगी. काफी तलाश के बाद 2 जून को मुंबई में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई. पुलिस ने जांच शुरू की तो सना की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल्स ने फैसल की ओर इशारा किया. संदेह गहराने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने सना की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद मुंबई पुलिस उसे साथ लेकर बिजनौर पहुंची. मंडावर पुलिस के सहयोग से आरोपी की निशानदेही पर गन्ने के खेत में खुदाई कराई गई. देर रात पुलिस ने वहां से सना का शव बरामद कर लिया, जो लगभग 15 दिन पुराना होने के कारण सड़ी-गली अवस्था में था.
प्रेमी ने कबूल किया जुर्म
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
वहीं आजतक से बातचीत में मंडावर थाने के SHO संजय तोमर ने बताया कि मुंबई से एक पुलिस कि टीम हमारे थाने पहुंची थी, ज़ब पुलिस कि टीम ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कि तो, व्यक्ति ने अपना जुर्म कबूलते हुए उस लोकेशन का बताया जहां उसने शव को दफनाया था.