scorecardresearch
 

कौशांबी में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, 11 की मौत, कई घायल

प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए और 11 लोगों की मौत हो गई.

Advertisement
X
मोहम्मदपुर गांव में धमाके के बाद अफरातफरी का माहौल (Photo- Screengrab)
मोहम्मदपुर गांव में धमाके के बाद अफरातफरी का माहौल (Photo- Screengrab)

प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर स्थित पिपरी व पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. तेज धमाके के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए. जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने पुष्टि की कि इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है,

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य शुरू किया. फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है. जांच-पड़ताल की जा रही है. 

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं. किसी अन्य अनहोनी से बचने के लिए आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है.

हादसे के कारणों की जांच शुरू

विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की डिटेल जांच में जुटी हैं. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखों के निर्माण व भंडारण के लिए वैध अनुमति और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम थे या नहीं.

Advertisement

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जा रहा था. उस मकान के ऊपर से ही बिजली के तार गुजरे हैं. आज दोपहर अचानक उस मकान से धुआं उठने लगा. कुछ देर बाद एक-एक करके पटाखे फूटने लगे और इलाके में हड़कंप मच गया. 

जिलाधिकारी अमित पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, प्रयागराज और कौशांबी दोनों जिलों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और मौके पर एम्बुलेंस तथा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे को ऐलान

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. PMO ने 'X' पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हों. PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी ने कौशांबी में हुए इस हादसे का लिया संज्ञान है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. इसके अलावा 50-50 हजार रुपए मुआवजे की भी घोषणा की है. उन्होंने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए.

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों से बात करके अधिकारियों को हर मुमकिन मदद करने के निर्देश दिए और हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत और उपचार कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement