scorecardresearch
 

लखनऊ: सहारा सिटी में बनेगा कमल के आकार का नया विधानसभा भवन, 200 एकड़ में फैलेगा परिसर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही एक नया आर्किटेक्चरल लैंडमार्क मिलने जा रहा है. गोमती नगर के सहारा शहर में 200 एकड़ क्षेत्र में कमल के आकार का नया विधान भवन परिसर बनेगा. इस अत्याधुनिक परिसर में 700 विधायकों की क्षमता वाली नई विधानसभा बनाई जाएगी.

Advertisement
X
कुछ इस तरह बनेगी यूपी की नई विधानसभा (AI- Photo)
कुछ इस तरह बनेगी यूपी की नई विधानसभा (AI- Photo)

लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर में उत्तर प्रदेश के नए विधानसभा परिसर का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने सोशल मीडिया पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी दी. लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा भेजी गई तीन डिजाइनों में से कमल की आकृति वाले मॉडल को फाइनल किया गया है. 200 एकड़ में फैलने वाले इस परिसर का निर्माण कार्य अगले वर्ष शुरू होने की संभावना है. इसमें 700 सीटों वाली विधानसभा, 200 सीटों वाली विधान परिषद और 1000 सीटों वाला संयुक्त सत्र हॉल बनेगा, जिससे भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके.

कमल के फूल जैसी होगी इमारत की भव्य बनावट

नए विधान भवन के मॉडल को ऊपर से देखने पर मुख्य इमारत कमल की पंखुड़ियों की तरह दिखाई देगी. यह वास्तुशिल्प भारतीय संस्कृति और उत्तर प्रदेश की पहचान को दर्शाएगा. 

इस भव्य परिसर में मुख्य विधानसभा के अलावा आधुनिक सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास, विधायक हॉस्टल और वीवीआईपी प्रशासनिक ब्लॉक भी शामिल होंगे. इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण कंसलटेंट और आर्किटेक्ट के माध्यम से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करा रहा है.

1000 सीटों का संयुक्त हॉल और विशाल पार्किंग

नए परिसर में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र और विशेष सरकारी आयोजनों के लिए 1000 सदस्यों की क्षमता वाला एक बड़ा हॉल तैयार किया जाएगा. इसके अलावा परिसर में 5,000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था, चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र और अत्याधुनिक डिजिटल व सुरक्षा सुविधाएं विकसित होंगी. नई इमारत में प्रत्येक जिले के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग चर्चा की व्यवस्था भी प्रस्तावित है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement