scorecardresearch
 

छह पिल्लों को जन्म देने वाली डॉगी पर एसिड अटैक... लखनऊ में झकझोर देने वाली घटना

लखनऊ के चौक इलाके में एक बेजुबान डॉगी पर अज्ञात व्यक्ति ने एसिड अटैक कर दिया. हाल ही में छह पिल्लों को जन्म देने वाली यह डॉगी गंभीर रूप से झुलस गई है. उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में आक्रोश है. आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Advertisement
X
छह पिल्लों को जन्म देने वाली डॉगी पर फेंका एसिड. (Photo: Representational)
छह पिल्लों को जन्म देने वाली डॉगी पर फेंका एसिड. (Photo: Representational)

राजधानी लखनऊ के चौक इलाके की पुल वाली गली में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक डॉगी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब डाल दिया. कुछ ही दिन पहले उसने छह पिल्लों को जन्म दिया था, लेकिन अब वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है.

दरअसल, 13 फरवरी की रात अचानक डॉगी की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. लोग जब बाहर निकले तो दृश्य भयावह था. तेजाब से डॉगी का आधा शरीर बुरी तरह झुलस चुका था. चमड़ी कई जगह से गल गई थी और शरीर से मांस तक झड़ता दिखाई दे रहा था.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, उसके पैर, जबड़े और सीने तक गहरे जख्म हो गए हैं. छह पिल्लों की मां दर्द से कराह रही थी, जबकि उसके मासूम पिल्ले उसके आसपास बेचैन दिख रहे थे.

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में मेड ने पालतू डॉगी को लिफ्ट में पटककर मार डाला, CCTV में कैद हुई बेरहमी, मौके से फरार

घटना की जानकारी मिलते ही पशु प्रेमी और स्थानीय स्वयंसेवी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की और गंभीर हालत में डॉगी को इलाज के लिए भिजवाया. डॉक्टरों का कहना है कि गहरे जख्मों की वजह से इन्फेक्शन का खतरा काफी ज्यादा है और अगले कुछ दिन बेहद अहम होंगे.

Advertisement

इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता चिंताजनक है.

गौरतलब है कि करीब आठ महीने पहले भी लखनऊ में कुत्तों को कथित तौर पर बिरयानी में जहर मिलाकर मारने का मामला सामने आया था. ऐसे में यह ताजा घटना एक बार फिर पशुओं की सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की मांग की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement