वृंदावन में वैष्णव किन्नर अखाड़ा की प्रमुख हिमांगी सखी ने मंगलवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के समर्थन में बड़ा बयान दिया. एक एजेंसी के मुताबिक पुरुषोत्तम मास के अवसर पर ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं हिमांगी सखी ने कहा कि यह ऑनलाइन ग्रुप देश में फैले भ्रष्टाचार और सामाजिक गंदगी को उजागर करने का काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि सच सामने लाने वालों से डरने की बजाय समाज को आत्ममंथन करना चाहिए.
आईना दिखाने वालों से डरें नहीं, सामना करें- हिमांगी सखी
मीडिया से बातचीत के दौरान हिमांगी सखी ने कहा, “कॉकरोच जनता पार्टी का गठन देश के युवाओं ने किया है. इसका मकसद भ्रष्टाचार के नाम पर फैली गंदगी को उजागर करना है. अगर कोई आईना दिखा रहा है, तो उससे डरने की क्या जरूरत है? डर केवल वही लोग महसूस करते हैं, जिनके भीतर कहीं न कहीं गलत काम छिपे होते हैं. जो ईमानदार और सच्चे हैं, उन्हें किसी बात का डर नहीं होना चाहिए.”
उन्होंने कहा कि देश के युवा अब सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो चुके हैं. सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवा अपनी बात मजबूती से रख रहे हैं. हिमांगी सखी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है.
अपने समर्थन का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा, “मैं खुद कॉकरोच जनता पार्टी के साथ खड़ी हूं. किन्नर जगद्गुरु शंकराचार्य के रूप में मैं, हिमांगी सखी, इस पार्टी को अपना पूरा समर्थन देती हूं. बहुत कम समय में इस संगठन ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है. यह दिखाता है कि लोग बदलाव चाहते हैं और नई सोच को स्वीकार कर रहे हैं.”
समर्थन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं: हिमांगी सखी
हिमांगी सखी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया. कुछ लोगों ने उनके बयान का समर्थन करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर बोलने की पहल बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक और सामाजिक विवादों से जोड़कर देखा. हालांकि, हिमांगी सखी ने साफ किया कि उनका समर्थन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और पारदर्शिता के पक्ष में है.
वृंदावन में दिए गए इस बयान ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर चल रही चर्चाओं को और तेज कर दिया है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.