scorecardresearch
 

जच्चा-बच्चा की मौत के बाद अस्पताल छोड़कर भागा स्टाफ, SDM-CO पहुंचे तो सील हुआ न्यू सत्यम हॉस्पिटल

कौशांबी में मंझनपुर जिला अस्पताल के सामने स्थित न्यू सत्यम हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान 22 वर्षीय रीना देवी और उनके नवजात की मौत हो गई. परिजनों ने ऑपरेशन के लिए 35 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ फरार हो गया. सीएमओ के निर्देश पर गठित टीम ने SDM और CO की मौजूदगी में अस्पताल सील कर दिया.

Advertisement
X
CMO के निर्देश पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
CMO के निर्देश पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में झोलाछाप डॉक्टर पर आरोप लगा है कि ऑपरेशन करने के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई. इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है. मंझनपुर जिला अस्पताल के ठीक सामने स्थित न्यू सत्यम हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है. सदर एसडीएम राजकुमार मौर्य और सीओ सौरभ सामंत की मौजूदगी में अपर सीएमओ डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने यह कार्रवाई की. घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया था. स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से दूसरे अस्पतालों में भी हड़कंप मचा हुआ है.

दरअसल, पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के करेंटी गांव का है. यहां रहने वाले लालचन्द्र की 22 वर्षीय पत्नी रीना देवी को गुरुवार को प्रसव पीड़ा हुई. परिजन आशा के माध्यम से उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया. इसके बाद परिवार के लोग गर्भवती महिला को मंझनपुर मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित न्यू सत्यम हॉस्पिटल ले गए.

यह भी पढ़ें: शादी का वादा किया, कई बार संबंध बनाए... युवती प्रेग्नेंट हो गई तो मुकर गया आरोपी... कौशांबी में FIR दर्ज

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी और प्रक्रिया के बाद सब कुछ ठीक होने का दावा किया. इसके लिए 35 हजार रुपये की मांग की गई थी. परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे रीना देवी को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया. आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही मां और नवजात की मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल का पूरा स्टाफ वहां से चला गया, जिसके बाद नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया.

Advertisement

CMO के निर्देश पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. सीएमओ ने मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया था.

कौशांबी​

इसी क्रम में अपर सीएमओ डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने सदर एसडीएम राजकुमार मौर्य और सीओ सौरभ सामंत के साथ मौके पर पहुंचकर न्यू सत्यम हॉस्पिटल को सील कर दिया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह कदम प्रसूता की मौत के मामले में सामने आए आरोपों के बाद उठाया है.

अपर सीएमओ ने क्या बताया?

अपर सीएमओ डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने बताया कि न्यू सत्यम हॉस्पिटल में एक प्रसूता की मौत हुई थी. सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली थी कि महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया जा रहा था और इसी दौरान उसकी मृत्यु हो गई. इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की.

उन्होंने बताया कि गठित टीम ने मंझनपुर के एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया है. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद मामले में स्वास्थ्य विभाग की आगे की जांच पर नजर रहेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement