scorecardresearch
 

'लड़कियों को तड़पता देख मजा आता है...', छात्राओं पर केमिकल फेंकने वाला सिरफिरा गिरफ्तार

कानपुर में महिलाओं और छात्राओं पर केमिकल फेंककर उन्हें तड़पते देखने में आनंद लेने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह पहले भी दुष्कर्म के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है.

Advertisement
X
राह चलती लड़कियों पर केमिकल फेंकने वाला गिरफ्तार (Photo: itg)
राह चलती लड़कियों पर केमिकल फेंकने वाला गिरफ्तार (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिलाओं और छात्राओं पर केमिकल फेंककर उन्हें घायल करने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की मानसिकता जानकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महिलाओं को दर्द से तड़पते देखने में उसे मजा आता था. यही वजह थी कि वह राह चलती लड़कियों और महिलाओं को निशाना बनाता था.

पहले नर्स फिर छात्रा पर फेंका कैमिकल

मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है. तीन दिन पहले एक नर्स ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर केमिकल फेंक दिया. केमिकल इतना तेज था कि उसकी हथेली की त्वचा बुरी तरह झुलस गई. घटना के कुछ समय बाद ही कोचिंग से लौट रही एक छात्रा पर भी केमिकल फेंका गया. हालांकि इस बार केमिकल उसके शरीर के बजाय कपड़ों पर गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पीड़िताओं की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. शुरुआत में आरोपी की पहचान नहीं हो सकी, क्योंकि किसी ने उसे स्पष्ट रूप से देखा नहीं था. इसके बाद पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान एक साइकिल सवार युवक दोनों घटनास्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया.

Advertisement

सीसीटीवी देखकर सिरफिरे के घर पहुंची पुलिस

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपी के घर तक पहुंच गई और उस पर निगरानी शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, जब आरोपी दिलशाद एक बार फिर साइकिल से किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकला, तब उसे पकड़ लिया गया. तलाशी में उसके पास से केमिकल से भरी शीशी और चरस बरामद हुई.

पूछताछ में दिलशाद ने न केवल हाल की दोनों घटनाओं को कबूल किया, बल्कि इससे पहले भी कई बार महिलाओं और लड़कियों पर केमिकल फेंकने की बात स्वीकार की. जांच में यह भी सामने आया कि करीब तीन साल पहले वह एक नाबालिग लड़की को जबरन झाड़ियों में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका है.

डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि वह केमिकल कहां से लाता था और क्या अन्य घटनाओं में भी उसकी भूमिका रही है. फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और मानसिक स्थिति दोनों पहलुओं की जांच कर रही है. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नजर नहीं आया.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement