scorecardresearch
 

25 सेकंड में बरसाए 16 जूते-चप्पल! कानपुर में थाने जा रही भाभी को देवर ने बीच सड़क बेरहमी से पीटा

कानपुर के गुजैनी में मकान विवाद की शिकायत करने थाने जा रही महिला, उसके पति और 5 वर्षीय मासूम बच्ची को देवर और उसके दोस्तों ने बीच सड़क पर 25 सेकंड में 16 बार जूते-चप्पलों से बेरहमी से पीटा. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
कानपुर में बीच सड़क भाभी को बेरहमी से पीटा (Photo- Screengrab)
कानपुर में बीच सड़क भाभी को बेरहमी से पीटा (Photo- Screengrab)

कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में बुधवार को संदीप शर्मा की पत्नी पूजा शर्मा अपने पति और 5 साल की बेटी के साथ बाइक से मकान विवाद की शिकायत करने थाने जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में सास के भाई के लड़के (देवर) हेमंत उर्फ हिमांशु शर्मा ने अपने दोस्त संदीप सचान और एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उन्हें बीच सड़क पर रोक लिया. दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए महिला, उसके पति और मासूम बच्ची पर जूते-चप्पलों से हमला कर दिया. राहगीरों के मूकदर्शक बने रहने के बीच किसी ने इस खौफनाक वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

25 सेकंड में बरसाए 16 जूते-चप्पल

सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी का 25 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी हेमंत शर्मा और संदीप सचान ने पीड़िता पूजा शर्मा को बाइक पर बैठे-बैठे ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. 

दबंगों ने महज 25 सेकंड के अंदर महिला और उसके परिवार पर 16 बार जूते और चप्पल बरसाए. इस दौरान बाइक पर बीच में बैठी 5 साल की मासूम बच्ची रो-रोकर बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन पत्थरदिल आरोपियों को तरस नहीं आया.

मासूम बच्ची भी हुई लहूलुहान

पीड़िता पूजा शर्मा का अपनी सास से मकान को लेकर विवाद चल रहा है. जब वह शिकायत करने जा रही थीं, तभी इस हमले को अंजाम दिया गया। मारपीट के दौरान कुछ जूते-चप्पल मासूम बच्ची को भी लगे, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है. पूजा के पति संदीप ने जब बाइक रोककर पत्नी और बेटी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के वक्त आरोपियों का ही एक साथी इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था, जिससे साफ है कि उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं था. 

Advertisement

आरोपी गिरफ्तार

वीडियो वायरल होने के बाद गुजैनी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पुलिस पीड़ित महिला को साथ लेकर अस्पताल पहुंची और उसका मेडिकल कराया. डीसीपी दीपेन नाथ चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पीड़ित महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी देवर हेमंत शर्मा और उसके दोस्त संदीप सचान को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में शामिल तीसरे अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement