वाराणसी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया को संबोधित करते हुए विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बयान दिए. उन्होंने फिल्म अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के आरएसएस में शामिल होने की इच्छा वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि कंगना को लोकसभा से इस्तीफा देकर संघ की प्रचारक बन जाना चाहिए.
वहीं, दतिया और बांकीपुर में भारतीय जनता पार्टी की हार का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि अब बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. इसके अलावा, उन्होंने 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में होने वाले राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम की डिटेल जानकारी दी.
बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू
अजय राय ने कहा कि मां पीताम्बरा देवी की कृपा से कांग्रेस ने दूसरी बार दतिया में जीत हासिल की है. वहीं, बांकीपुर सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रशांत कुमार चुनाव जीते. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बांकीपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने घर का ही बूथ हार गए. 'हमारा बूथ, सबसे मजबूत' का नारा देने वाली पार्टी का बूथ अब सबसे कमजोर हो चुका है और राष्ट्रीय अध्यक्ष की हार से स्पष्ट है कि देशभर में बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को घेरा
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के 'पर्ची दिखाएं' वाले बयान पर अजय राय ने पलटवार करते हुए कहा कि चढ़ावे की कोई रसीद नहीं होती, रसीद तो केवल चंदे की कटती है. विधानसभा अध्यक्ष को इसकी समझ नहीं है और ऐसा बयान देना उनके फ्रस्ट्रेशन को उजागर करता है.
प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्र संवाद
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत कोटा और देहरादून के बाद अगला संवाद 8 अगस्त को संगम नगरी प्रयागराज के केपी ग्राउंड में शाम 5:00 बजे आयोजित होगा. अजय राय के अनुसार, इस कार्यक्रम में पूरे उत्तर प्रदेश से लाखों छात्र राहुल गांधी से सीधा संवाद करने पहुंचेंगे. वहीं, चढ़ावा चोरी का विरोध करने पर पप्पू यादव पर हुए हमले को उन्होंने लोकतंत्र की हत्या बताया.