मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है. जंग की वजह से तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक ट्रक में करीब 524 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर लदे थे, जिनकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है. यह मामला झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है. ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ट्रक मालिक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के अनुसार उनका ट्रक नंबर यूपी 93 बीटी 3341 झांसी के करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से जुड़ा हुआ है. 2 मार्च को प्लांट से 524 गैस सिलेंडर ट्रक में लोड किए गए थे, जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर भेजा जाना था.
होली के त्योहार के कारण ट्रक चालक राजकुमार ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा कर घर चला गया था. कुछ दिनों बाद 6 मार्च को सूचना मिली कि ट्रक झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा के पास हाईवे किनारे खाली खड़ा है. जब ट्रक मालिक मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रक से सभी गैस सिलेंडर गायब थे और वाहन का जीपीएस भी तोड़ा गया था.
इसके बाद ट्रक मालिक ने तुरंत सीपरी बाजार थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
सिलेंडर ढूंढने में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है और चोरी हुए गैस सिलेंडरों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. बता दें कि विदेशों से कम एलपीजी गैस की आपूर्ति की वजह से केंद्र सरकार ने एलपीजी के कमर्शिलयल इस्तेमाल को नियंत्रित कर दिया है.