scorecardresearch
 

छुट्टी के बाद स्कूल में बंद रह गया बच्चा... डेढ़ घंटे तक रोता-सिसकता रहा, जब बाहर निकला तो परिजनों से लिपट गया

यूपी के जौनपुर के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. स्कूल की छुट्टी हुई, ताला लगा और पूरा स्टाफ घर चला गया. लेकिन किसी को यह याद नहीं रहा कि पहली क्लास का छह साल का बच्चा अभी भी कमरे के अंदर है. करीब डेढ़ घंटे तक मासूम बंद कमरे से रोता-चिल्लाता रहा.

Advertisement
X
छुट्टी के बाद भी स्कूल में ही बंद रह गया बच्चा. (Photo: Screengrab)
छुट्टी के बाद भी स्कूल में ही बंद रह गया बच्चा. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से बेसिक शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां एक प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा के छह वर्षीय छात्र को क्लासरूम में बंद करके स्टाफ घर चला गया. स्कूल की छुट्टी होने के बाद मासूम करीब डेढ़ से दो घंटे तक कमरे के अंदर फंसा रहा और बाहर निकलने के लिए लगातार रोता-चिल्लाता रहा. जब बच्चा काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद वह स्कूल के कमरे में बंद मिला. घटना का वीडियो भी सामने आया है.

घटना शुक्रवार की है. पहली कक्षा में पढ़ने वाला छह साल का बच्चा स्कूल आया था. रोज की तरह छुट्टी हुई, बच्चे घर चले गए और स्कूल में ताला भी लग गया. लेकिन किसी शिक्षक या कर्मचारी ने यह देखने की जरूरत नहीं समझी कि सभी बच्चे बाहर निकले भी हैं या नहीं. उधर, पहली क्लास का ये बच्चा क्लासरूम के अंदर ही रह गया. कमरे में बंद मासूम लगातार रोता रहा. वह दरवाजा पीटता रहा, आवाज लगाता रहा, लेकिन स्कूल परिसर में उसकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था. करीब डेढ़ से दो घंटे तक वह कमरे में फंसा रहा.

jaunpur class 1 student locked inside primary school classroom for two hours bsa orders probe

जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार घबरा गया. उन्होंने आसपास तलाश की. कहीं पता नहीं चला तो परिजन स्कूल पहुंचे. वहां पहुंचकर खिड़की से अंदर झांका तो देखा कि बच्चा कमरे के अंदर बैठा रो रहा है. यह नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए. इसके बाद स्कूल स्टाफ को कॉल किया गया. कर्मचारी चाबी लेकर पहुंचे और कमरे का ताला खोला. तब जाकर बच्चे को बाहर निकाला गया. बाहर निकलते ही डरा-सहमा बच्चा अपने परिजनों से लिपट गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: UP: प्राथमिक विद्यालयों में डिजिटल अटेंडेंस को लेकर घमासान! आज से नहीं शुरू हो पाई प्रक्रिया, ग्राउंड रिपोर्ट

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में स्कूल का ताला खुलता दिखाई देता है और फिर बच्चे को बाहर निकाला जाता है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं. आखिर छुट्टी के समय क्या किसी शिक्षक ने क्लासरूम चेक किया? क्या स्कूल बंद करने से पहले यह नहीं देखा गया कि कोई बच्चा अंदर तो नहीं रह गया? इस मामले पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर का कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement