उत्तर प्रदेश के जालौन से हरियाणा के नूंह में अपहरण के मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई. इस दुर्घटना में दो दरोगा, दो सिपाही और एक वादी समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के मुताबिक जालौन पुलिस की टीम एक अपहरण केस की जांच के सिलसिले में नूंह पहुंची थी. टीम में दरोगा मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सर्विलांस के दो सिपाही और मुकदमे का वादी शामिल थे. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद जब टीम वापस लौट रही थी, उसी दौरान उनका वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया.
हादसे के बाद पुलिस का वाहन पूरी तरह हुआ क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भीषण था. वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. इस हादसे ने एक बार फिर पुलिस ड्यूटी के दौरान आने वाले खतरों को उजागर कर दिया है. अपराधियों की तलाश में पुलिस टीमों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जहां सड़क हादसों का जोखिम बना रहता है.