scorecardresearch
 

'7 करोड़ का मकान है, पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा', गाजियाबाद में कुत्ते के विवाद में धमकी देने वाले 'रईसजादे' पर FIR

गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में कुत्ते को लेकर दो पड़ोसियों में बवाल हो गया. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे युवक कहता है, 'मेरा 7 करोड़ का मकान है, पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा. अब धमकी देने के आरोप में उसपर एफआईआर दर्ज हो गई है.

Advertisement
X
गाजियाबाद के गालीबाज युवक पर एफआईआर दर्ज (Screengrab)
गाजियाबाद के गालीबाज युवक पर एफआईआर दर्ज (Screengrab)

गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक पालतू कुत्ते को कथित रूप से मारने की बात को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और धमकियां साफ सुनाई दे रही हैं. वायरल वीडियो में एक युवक खुद के रसूख और संपत्ति का हवाला देते हुए महिला पक्ष को गाली देते हुए धमकाता दिखाई देता है.

वीडियो में युवक को कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मेरा सात करोड़ का मकान है, पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा." वहीं महिला भी जवाब देते हुए कहती है, "देख लूंगी." इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर आते हैं. 

वीडियो में मौजूद लोगों द्वारा जब विवाद का कारण पूछा जाता है तो युवक शिकायत भरे लहजे में कहता है, "हमारे कुत्ते को क्यों मारा?" वीडियो में युवक के साथ दो महिलाएं भी बहस करती दिखाई देती हैं. इनमें से एक महिला वीडियो बनाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराती है. पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा.

मामले में अब पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कविनगर थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 0514/2026 के अनुसार शिकायतकर्ता सारिका त्यागी निवासी SE-130, ई-ब्लॉक, शास्त्रीनगर ने आरोप लगाया है कि 27 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे उनके पति के मोबाइल पर सहदेव चौधरी नामक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें धमकी दी. उसके बाद दोपहर करीब 12:50 बजे सहदेव चौधरी का पुत्र लक्ष्य चौधरी, आयुष तथा कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे और जबरन घर में घुस आए. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने महिला, उनके बुजुर्ग सास-ससुर और बच्चों के साथ अभद्रता की. विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई.

Advertisement

शिकायत में यह कहा गया है कि आरोपियों ने पड़ोसियों के साथ भी हाथापाई की और पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है. यह भी आरोप लगाया गया है कि लक्ष्य चौधरी ने अपने पिता के पुलिस में होने का हवाला देते हुए कहा कि वह पुलिस का मुंह नोटों से भर देगा और शिकायतकर्ता के पति का पुलिस से एनकाउंटर करा देगा. घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल-112 पर भी सूचना दी थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 352, 351(3) और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

उधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. वीडियो की सत्यता, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement