scorecardresearch
 

हरदोई में भारी बवाल: सरकारी काम में खामी पर टोका, तो बीजेपी नेता के बेटे ने भीड़ बुलाकर SDM पर कर दिया पथराव; सिर फटा, गांव बना छावनी

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सरकारी भवनों के निरीक्षण के दौरान हुए विवाद के बाद एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर जानलेवा हमला हुआ है. बीजेपी के जिला पंचायत सदस्य और महिला ग्राम प्रधान के पुत्र उदयवीर राजपूत की अगुवाई में ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें एसडीएम गंभीर रूप से घायल हो गए.

Advertisement
X
हरदोई में एसडीएम पर हमले के बाद तनाव (Photo- ITG)
हरदोई में एसडीएम पर हमले के बाद तनाव (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: हरदोई जिले के शाहाबाद तहसील क्षेत्र के परियल गांव में सोमवार शाम निरीक्षण करने पहुंचे उपजिलाधिकारी (SDM) सुशील कुमार मिश्रा पर ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने हमला कर दिया. बाढ़ राहत तैयारियों, अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी सेंटर की जांच के दौरान सरकारी संपत्तियों में बड़ी खामियां मिली थीं. इस लापरवाही पर एसडीएम द्वारा पूछताछ करने पर स्थानीय महिला ग्राम प्रधान और भाजपा जिला पंचायत सदस्य के बेटे उदयवीर राजपूत ने अभद्रता की. इसके बाद आरोपी ने करीब 100-150 ग्रामीणों को जुटाकर प्रशासनिक टीम का पीछा किया और उन पर अंधाधुंध पथराव कर दिया. सिर में पत्थर लगने से लहूलुहान हुए एसडीएम को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बाढ़ तैयारियों और सरकारी काम में मिली थीं कमियां

घायल एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि 11 तारीख को संभावित मॉक ड्रिल की तैयारियों के सिलसिले में वे सोमवार को परियल गांव पहुंचे थे. गर्रा नदी के किनारे स्थित नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन की जांच के दौरान दुकान का नया शटर जाम मिला. इसके ठीक सामने बने आरआरसी (RRC) सेंटर से दोनों गेट ही गायब थे. बीडीओ शाहाबाद से फोन पर मिली जानकारी के अनुसार, आरआरसी सेंटर का भुगतान हो चुका था, जबकि वहां काम अधूरा था.

पूछताछ करने पर भड़का प्रधान पुत्र

सरकारी संपत्तियों में इस तरह की गड़बड़ी मिलने पर जब मौके पर मौजूद प्रधान पुत्र उदयवीर राजपूत से जवाब मांगा गया, तो वह भड़क गया. उसने एसडीएम से सीधे शब्दों में कहा कि 'आपको जिससे पूछना है, जाकर पूछ लीजिए, मैं कुछ नहीं बताऊंगा.' इसके बाद आरोपी ने खुद को भाजपा जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान का बेटा बताते हुए गांव से भारी भीड़ को फोन करके मौके पर बुला लिया.

Advertisement

150 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों से किया पीछा

माहौल बिगड़ता देखकर जब एसडीएम अपनी टीम (लेखपाल, कानूनगो, गनर और होमगार्ड) के साथ गाड़ी में बैठकर आगे बढ़ने लगे, तो करीब 100-150 लोगों की भीड़ ने बांस-बल्लियों के साथ उनकी गाड़ी का पीछा किया. एसडीएम ने मामले को शांत कराने के लिए बातचीत करने के उद्देश्य से गाड़ी रुकवाई. वे वाहन से नीचे उतरे ही थे कि अचानक पीछे से एक बड़ा पत्थर उनके सिर पर आकर लगा और वे घायल हो गए.

पूरा गांव बना पुलिस छावनी, आरोपी फरार

इस दुस्साहसिक हमले के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. घायल अधिकारी को तुरंत सीएचसी शाहाबाद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां फिलहाल उनकी हालत सामान्य है. जिला प्रशासन ने इस पूरी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. कार्रवाई के डर से आरोपी उदयवीर सहित गांव के तमाम पुरुष और अन्य ग्रामीण घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिसके चलते पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement