scorecardresearch
 

मई में शादी, जून में मौत! हापुड़ की सोनम के साथ ससुराल में क्या हुआ? करंट से हुई डेथ या फिर कोई 'साजिश'

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दहेज लोभियों की एक और खौफनाक करतूत सामने आई है। शादी के मात्र एक महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई. जिसके बाद मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर हत्या का संगीन आरोप लगाया है.

Advertisement
X
सोनम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- Screengrab)
सोनम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारी नगर में एक नवविवाहिता सोनम (23) की करंट लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने पति आकाश और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल तथा सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. सोनम की शादी बीते 6 मई 2026 को हुई थी, जिसके बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन कानूनी जांच शुरू कर दी है.

बुलेट और चेन के लिए मानसिक उत्पीड़न

हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के जसरूपनगर की रहने वाली सोनम की शादी एक महीने पहले ही गिरधारीनगर के आकाश से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति आकाश और उसके रिश्तेदार दहेज में बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहे थे. इस लगातार बढ़ रही मांग के कारण सोनम मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रही थी और उसने अपने घर पर फोन करके इस उत्पीड़न की जानकारी भी दी थी.

अस्पताल में नहीं, घर पर पड़ा मिला शव

मृतका के भाई आशीष ने बताया कि सोनम ने फोन पर उसे ससुराल वालों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात कही थी. घटना के दिन परिजनों को सूचना दी गई कि सोनम अस्पताल में भर्ती है. लेकिन जब आशीष और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे तो सोनम वहां नहीं मिली. इसके बाद जब वे सोनम की ससुराल पहुंचे, तो वहां उसका शव जमीन पर पड़ा हुआ था.

Advertisement

मायके आने वाली थी सोनम, दोपहर में किया था फोन

सोनम की बहन काजल ने रोते हुए बताया कि दोपहर लगभग दो बजे सोनम ने उसे फोन किया था. वह उस समय बहुत घबराई हुई थी और कह रही थी कि उसकी तबीयत बहुत खराब है और वह मायके रहने आएगी. काजल के अनुसार, सोनम शाम को अपने घर आने वाली थी, लेकिन ससुराल वालों ने उससे पहले ही उसकी जान ले ली.

सीओ सिटी का बयान और पुलिसिया जांच

इस पूरे मामले पर हापुड़ के सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि देहात थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मृत्यु का मामला सामने आया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement