लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. शारजाह से लखनऊ पहुंचे एक यात्री के पास से 70 लाख रुपये से अधिक कीमत का तस्करी का सोना पकड़ा गया है. तस्कर ने अधिकारियों को चकमा देने के लिए सोने को पेस्ट के रूप में अपने अंडरवियर के कमरबंद में छिपा रखा था. हालांकि, उसकी एक चालाकी भरी चाल ही उसके पकड़े जाने की वजह बन गई.
आपको बता दें कि शारजाह से इंडिगो की फ्लाइट (6E-1424) बुधवार सुबह करीब 7:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी. टर्मिनल पर कस्टम विभाग की टीम सामान्य दिनों की तरह यात्रियों की स्क्रीनिंग और निगरानी कर रही थी. इसी बीच अधिकारियों की नजर एक यात्री पर पड़ी, जो बेहद अजीब तरीके से लंगड़ाकर कदम बढ़ा रहा था. शक गहराने पर कस्टम अधिकारियों ने यात्री को रोका और उससे पूछताछ शुरू की. अधिकारियों के सामने आते ही वह बुरी तरह घबरा गया और सवालों के गोलमोल जवाब देने लगा.
इसके बाद टीम उसे तुरंत कतार से अलग कर विशेष जांच कक्ष में ले गई, जहां उसकी सघन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान अधिकारी भी हैरान रह गए. यात्री ने 472.100 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में प्लास्टिक के पैकेट में भरकर अपने अंडरवियर के कमरबंद की तरह बांध रखा था, ताकि मेटल डिटेक्टर और नजरों से बच सके. वजन की वजह से वह ठीक से चल नहीं पा रहा था और लंगड़ा रहा था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद सोने की कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये आंकी गई है.
पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में हुई है. पूछताछ में वह सोने से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या टैक्स रसीद पेश नहीं कर सका. कस्टम विभाग ने सोने की खेप को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. एजेंसी अब इस बात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि यह सोना किसके इशारे पर लाया गया था और लखनऊ में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी.