scorecardresearch
 

सुआ घोंपकर ली जान: बिजनौर में जयमाला के दौरान शराब पीने से रोकने पर दूल्हे के चचेरे भाई की हत्या

बिजनौर में बख्शीवाला स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल में जयमाला के दौरान शराब पीने से रोकने पर हुए खूनी संघर्ष में दूल्हे के चचेरे भाई अश्वनी (32) की सुआ घोंपकर हत्या कर दी गई. बीच-बचाव के दौरान हुए इस हमले में कई बाराती भी घायल हुए. आईटीबीपी दारोगा के बेटे और दो बच्चों के पिता अश्वनी की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
बिजनौर में युवक की हत्या के बाद सनसनी (Photo- ITG)
बिजनौर में युवक की हत्या के बाद सनसनी (Photo- ITG)

यूपी के बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान जयमाला की रस्म चल रही थी. एक तरफ दूल्हा-दुल्हन के परिवार खुशियों में डूबे थे, तो दूसरी तरफ बाराती शादी का जश्न मना रहे थे. तभी बैंक्वेट हॉल के एक कोने में शराब पी रहे कुछ युवकों को समझाने की कोशिश ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि देखते ही देखते शादी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. आरोप है कि शराब पीने से मना करने पर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई और इसी दौरान दूल्हे के चचेरे भाई अश्वनी की लोहे का नुकीला सुआ घोंपकर हत्या कर दी गई. इस घटना में कई अन्य बाराती भी घायल हुए हैं.

वारदात मंगलवार शाम बिजनौर के कोतवाली शहर क्षेत्र के बख्शीवाला स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल में हुई. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया. दो बच्चों के पिता अश्वनी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

शराब पीने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली देहात क्षेत्र से एक बारात बख्शीवाला स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल पहुंची थी. शादी की रस्में चल रही थीं और जयमाला का कार्यक्रम भी हो रहा था. इसी दौरान बैंक्वेट हॉल के एक कोने में कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे. बताया जा रहा है कि शराब पी रहे युवक जोर-जोर से बोल रहे थे, जिससे वहां का माहौल खराब हो रहा था.

Advertisement

इसी बीच एक व्यक्ति ने उनके पास जाकर उन्हें समझाने की कोशिश की. उसने युवकों से शादी समारोह के दौरान शराब नहीं पीने और शांति बनाए रखने की बात कही. लेकिन आरोप है कि समझाने की बात सुनने के बजाय युवक उससे बदतमीजी करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई.

बीच-बचाव करने पहुंचे अश्वनी पर हमला

विवाद बढ़ता देखकर अश्वनी भी मौके पर पहुंच गया. बताया जा रहा है कि वह वहां मौजूद व्यक्ति को बचाने और विवाद शांत कराने की कोशिश कर रहा था. लेकिन मामला सुलझने के बजाय और बिगड़ गया.

आरोप है कि इसी दौरान रवि पुत्र हरपाल और उसके साथ मौजूद युवकों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी झगड़े के बीच रवि ने अश्वनी पर लोहे के नुकीले सुए से हमला कर दिया. सुआ अश्वनी की नाक के पास घोंप दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. किसी को कुछ समझने का मौका मिलता, उससे पहले ही शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल चुका था। बाराती अपनी जान बचाने और घायलों को संभालने में जुट गए. इस हमले में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है.

Advertisement

दो बच्चों के पिता अश्वनी की मौत से परिवार में मातम

मृतक की पहचान 32 वर्षीय अश्वनी पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है. वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. बताया गया है कि उसके पिता अशोक कुमार आईटीबीपी में दरोगा हैं और पश्चिम बंगाल में तैनात हैं.

अश्वनी अपने परिवार का अहम सहारा था. उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी भी है. शादी समारोह में शामिल होने आए अश्वनी की इस तरह मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस परिवार के लोग शादी की खुशियों में शामिल होने पहुंचे थे, उन्हें अब अपने ही घर के सदस्य की मौत का गम झेलना पड़ रहा है.

भाग रहे युवक को बारातियों ने पकड़ा, मारपीट का वीडियो वायरल

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को बारातियों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शादी समारोह में हुई इस वारदात ने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया. जिस जगह परिवार और रिश्तेदार एक साथ खुशियां मनाने आए थे, वहां अचानक मारपीट और चीख-पुकार शुरू हो गई.

Advertisement

मौके पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने अश्वनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विवाद किस तरह शुरू हुआ और हमले में कौन-कौन शामिल था. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement