scorecardresearch
 

गोंडा: जयमाल से पहले दूल्हे को आया मिर्गी का दौरा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बैरंग लौटी बारात

गोंडा में एक शादी समारोह उस वक्त चर्चा का विषय बन गया जब दुल्हन ने मंडप में बीमार दूल्हे से शादी करने से मना कर दिया. लखनऊ से आई बारात में जयमाल से ठीक पहले दूल्हे को मिर्गी जैसा दौरा पड़ा, जिसके बाद लड़की ने बीमारी छिपाने का आरोप लगाते हुए अपना फैसला सुना दिया.

Advertisement
X
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो

Uttar Pradesh News: गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ से आई एक बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा. शादी की रस्में हंसी-खुशी चल रही थीं और द्वारपूजा के बाद दूल्हा जयमाल का इंतजार कर रहा था, तभी अचानक उसके शरीर में कंपन होने लगा और मुंह से झाग आने लगा. दूल्हे की बिगड़ती हालत और मिर्गी के लक्षणों को देखकर दुल्हन ने तुरंत शादी करने से इनकार कर दिया. 

शादी वाले दिन दुल्हन के इस कड़े फैसले ने सभी को हैरान कर दिया. ग्रामीणों और रिश्तेदारों के समझाने के बावजूद दुल्हन अपने निर्णय पर अड़ी रही और आखिरकार बारात बैरंग लौट गई.

मंगल गीतों के बीच अचानक मचा हड़कंप

तरबगंज निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता लखनऊ के युवक से तय किया था. तय मुहूर्त पर बारात पहुंची और लड़की पक्ष ने बारातियों का जोरदार स्वागत-सत्कार किया. नाचते-गाते दूल्हा दरवाजे तक पहुंचा और द्वारपूजा की रस्म भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. इसके बाद दूल्हा एक कुर्सी पर बैठकर जयमाल समारोह शुरू होने का इंतजार करने लगा. इसी बीच अचानक दूल्हे की तबीयत बिगड़ गई और उसे मिर्गी जैसे दौरे पड़ने लगे, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में कानाफूसी शुरू हो गई.

बीमारी छिपाने का लगा गंभीर आरोप

Advertisement

जैसे ही दूल्हे की बीमारी की खबर जयमाल के लिए तैयार बैठी दुल्हन तक पहुंची, वह सन्न रह गई. दुल्हन के परिवार ने दूल्हे पक्ष से इस बारे में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी भी बीमारी से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन का स्पष्ट कहना था कि लड़के वालों ने गंभीर बीमारी की बात छिपाकर यह रिश्ता तय किया था. उसने दोटूक शब्दों में कह दिया कि वह किसी बीमार व्यक्ति के साथ अपनी पूरी जिंदगी नहीं बिता सकती. समझौते के तमाम प्रयास विफल रहे और दुल्हन अपने फैसले से पीछे नहीं हटी.

बैरंग लौटी बारात, इलाके में चर्चा तेज

काफी देर तक चले मान-मनौव्वल और पंचायत के बाद भी जब दुल्हन नहीं मानी, तो दूल्हे को बिना दुल्हन के ही लखनऊ वापस जाना पड़ा. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है. दुल्हन के साहस की जहां कुछ लोग तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस घटना से अवाक हैं. लड़की का तर्क था कि धोखे में रखकर की जा रही इस शादी का भविष्य ठीक नहीं होता. फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद बारात के लौटने से शादी की खुशियां गम में बदल गईं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement