गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन फोरलेन पर ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी के नीचे दबकर मौत हो गई. गुरुवार सुबह जब निर्माण कार्य के तहत डिवाइडर की मिट्टी समतल कराई जा रही थी, तब लोगों की नजर मिट्टी के ढेर से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी.
पहले लोगों को लगा कि शायद कोई कपड़ा या अन्य वस्तु मिट्टी में दबी हुई है, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला गंभीर नजर आया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटवाने की कार्रवाई शुरू की.
बैकहो लोडर और मजदूरों की मदद से जब मिट्टी हटाई गई तो उसके नीचे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
यह भी पढ़ें: 'पाताल में भी छुप जाओगे तो ढूंढ निकालेंगे...' गोरखपुर में CM योगी की अपराधियों को वार्निंग
शव के पास मिला झोला, रात में वहीं ठहरने की आशंका
पुलिस को शव के पास एक झोला भी मिला. झोले में रोटी-सब्जी, देसी शराब का एक पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शाल रखी हुई थी. इन सामानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मजदूर रात में वहीं ठहरा हुआ था और डिवाइडर के बीच शाल बिछाकर सो गया था.
घटना भटहट कस्बे के पास निर्माणाधीन फोरलेन की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात मिट्टी लेकर पहुंचे डंपर चालकों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि डिवाइडर पर कोई व्यक्ति सो रहा है.
आशंका है कि डंपर से मिट्टी सीधे उसके ऊपर गिरा दी गई, जिससे वह मिट्टी के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई. हालांकि पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
पत्नी ने की पहचान, 10 दिन से घर नहीं लौटा था मजदूर
शव बरामद होने के कुछ देर बाद दो बच्चों के साथ एक महिला मौके पर पहुंची. महिला ने शव की पहचान अपने पति मिंटू पुत्र जनार्दन निवासी देवरिया के रूप में की. पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक की पत्नी नीता देवी ने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां स्थित अपने मायके में रह रही थी. मिंटू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था.
पत्नी के अनुसार मिंटू करीब 10 दिन पहले जंगल कौड़िया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने गया था. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा था. परिवार को उसकी तलाश थी, लेकिन इस तरह उसकी मौत की खबर मिलेगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मौत मिट्टी में दबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है.
गुलरिहा थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने निर्माण कार्यों में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग भी इस हादसे को बड़ी लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं.